azadi ka amrit mahotsav

जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविर में हर समस्या का किया जा रहा संतोषजनक समाधान : नगराधीश प्रीति रावत

- नगराधीश प्रीति रावत ने समाधान शिविर में सुनीं नागरिकों की जन-शिकायतें

Posted On: 23 Nov 2026 5:23PM

पलवल, 23 नवंबर। 
जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नगराधीश प्रीति रावत ने नागरिकों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से समाधान शिविर में आने वाले नागरिकों की हर समस्या का गंभीरता के साथ संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

नागरिकों ने समाधान शिविर के दौरान मेरी फसल मेरा ब्यौरा योजना का लाभ दिलवाने, अवैध कब्जा हटाने, बंदरों से परेशानी सहित परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन शुरू करवाने, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाने से संबंधित समस्याएं नगराधीश प्रीति रावत के समक्ष रखी। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नगराधीश प्रीति रावत ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित निवारण का एक प्रभावी माध्यम है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी सुनिश्चित करें।

नगराधीश प्रीति रावत ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को समाधान शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 11057)