azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री के ‘सहकार से समृद्धि’ विजन को आगे बढ़ाकर सहकारी संस्थाओं को मजबूत बना रही सरकार : डा. अरविंद कुमार शर्मा

- सहकारिता मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने करवाया पलवल चीनी मिल के 43वें पेराई सत्र का श्रीगणेश, गन्ना किसानों के चेहरे खिले

- पलवल में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मशीन का बटन दबाकर और मशीन में गन्ना डालकर किया पेराई सत्र का शुभारंभ

Posted On: 23 Nov 2026 5:22PM

पलवल, 23 नवंबर।
पलवल स्थित सहकारी चीनी मिल के 43वें गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ सोमवार को हवन यज्ञ, मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ पूर्ण विधि-विधान से हुआ। हरियाणा सरकार में सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविन्द कुमार शर्मा ने मिल परिसर में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुडक़र किसानों को पेराई सत्र का शुभारंभ होने पर शुभकामनाएं देते हुए किसानों की समृद्घि और खुशहाली की कामना की और गन्ना पिराई सत्र का विधिवत शुभारंभ करवाया।

हरियाणाा सरकार में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, खेल, कानून एवं विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हवन यज्ञ में पूर्ण आहुति डालने के उपरांत मशीन का बटन दबाकर और पेराई मशीन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का श्रीगणेश किया। उन्होंने मिल में गन्ना लेकर आए किसानों की गन्ना ट्रालियों का विधि विधान के साथ पूजन किया और गन्ना किसानों को सम्मानित भी किया। सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ होने से गन्ना किसानों के चेहरों पर खुशी है। किसानों को अपनी गन्ने की पैदावार बेचने का मौका मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक बेहतर होगी। 

हरियाणा सरकार में सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविन्द कुमार शर्मा ने उपस्थित किसानों से वर्चुअल माध्यम से सीधा संवाद करते हुए उन्हें पेराई सत्र शुरू होने पर शुभकामनाएं दीं और चीनी मिल के पूरे सत्र के दौरान सकुशल संचालन की प्रार्थना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि चालू सत्र के दौरान किसानों व गन्ना मिल के कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की समस्या और परेशानी नहीं आने दी जाएगी। 

सहकारिता मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि किसानों की आय बढ़े, कृषि लागत कम हो और खेती अधिक लाभकारी बने। उन्होंने कहा कि एकता, विश्वास और सामूहिक समृद्धि सहकारिता का मूल मंत्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए सरकार सहकारी संस्थाओं को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और पारदर्शिता के माध्यम से मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सहकारिता मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि पलवल सहकारी चीनी मिल दक्षिण हरियाणा के किसानों की आर्थिक उन्नति का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। वर्ष 1973 में स्थापित इस मिल की पिराई क्षमता समय के साथ बढक़र 2,200 टन प्रतिदिन हो गई है। उन्होंने कहा कि 32 किलोमीटर क्षेत्र में शुगरमिल फैली हुई है। आज इस मिल से पलवल, फरीदाबाद, नूंह और गुरुग्राम जिलों के लगभग 175 गांवों के किसान जुड़े हुए हैं। यह सहकारिता और किसानों के सामूहिक विश्वास की एक मजबूत पहचान है।

पलवल सहकारी चीनी मिल ने हरियाणा की सभी चीनी मिलों में प्राप्त किया प्रथम स्थान : सहकारिता मंत्री
सहकारिता मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि चीनी रिकवरी के मामले में पलवल सहकारी चीनी मिल ने हरियाणा की सभी चीनी मिलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह हमारे मेहनती किसानों, मिल प्रबंधन और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इस वर्ष लगभग 20,692 एकड़ में गन्ने की फसल है और 41.65 लाख क्विंटल गन्ने की बॉन्डिंग की गई है। मिल को लगभग 27 लाख क्विंटल गन्ना मिलने की संभावना है। इस सत्र में 10.60 से 10.70 प्रतिशत चीनी रिकवरी तथा लगभग 2.85 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी मिलकर लक्ष्यों को प्राप्त करेंगे।

सहकारिता मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय और खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक कदम उठाएं हैं जिनमें उत्पादन बढ़ोतरी, लागत में कमी, नुकसान की भरपाई और उपज का उचित मूल्य प्रदान करना प्रमुख रूप से शामिल हैं। 

हरियाणा में किसानों को मिलती है गन्ना पैदावार की सर्वाधिक कीमत : सहकारिता मंत्री
सहकारिता मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने प्रदेश के गन्ना किसानों के हित में पिराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का मूल्य 430 रुपये प्रति क्विंटल तथा 2027-28 के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जो देश में सर्वाधिक है। प्रदेश सरकार किसानों को समय पर गन्ने की फसल का भुगतान सुनिश्चित कर रही है। 

किसानों का विश्वास और सहयोग है मिल की सबसे बड़ी शक्ति : डा. अरविंद कुमार शर्मा
सहकारिता मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा ने गन्ना किसान और मिल को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए कहा कि किसानों का विश्वास और सहयोग मिल की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि पुराने गन्ना किसान पुन: गन्ने की खेती की ओर लौटें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है, जिसके लिए सरकार की ओर से दूरदर्शी एवं किसान हितैषी निर्णय लिए जा रहे हैं। 

हरियाणा में सबसे पहले चली पलवल की सहकारी शुगर मिल : गौरव गौतम
हरियाणाा सरकार में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, खेल, कानून एवं विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किसानों को पेराई सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार ने किसानों से जो वादा किया था उसे पूरा किया है। पूरे हरियाणा में पलवल की शुगर मिल सबसे पहले चली है जो किसानों और लोगों की बदौलत संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि पलवल सहकारी चीनी मिल में पहले 24 लाख क्विंटल गन्ना की पेराई होती थी इस बार 27 लाख क्विंटल गन्ना की पेराई होगी। 

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों की खुशहाली और समृद्घि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसान हितैषी सरकार है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं किसान के बेटे हैं और किसानों का दर्द भली भांति समझते हैं और किसानों के लिए सबसे आगे रहने वाली मुख्यमंत्री हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने सहकारिता मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा का चीनी मिल का पेराई सत्र शुभारंभ करवाने पर जिला प्रशासन और किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने किसानों को पेराई सत्र का शुभारंभ होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे साफ-सुथरा गन्ना चीनी मिल में लेकर आएं। किसानों के आपूर्ति किए गए गन्ने के मूल्य का भुगतान समय पर हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। 

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व विधायक प्रवीण डागर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, महल सहकारी शुगर मिल के प्रबंध निदेशक एवं लिंक ऑफिसर मुकुंद, वीरपाल दीक्षित, जिला परिषद के उप-प्रधान उमेश कुमार, मार्केट कमेटी पलवल के चैयरमेन पंकज विरमानी, हरकेश शास्त्री, मिल के कर्मचारी, गणमान्य व्यक्ति और गन्ना किसान उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 11058)