सिरसा, 23 नवंबर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के दौरान फसल अवशेष प्रबंधन स्कीम के तहत शेष रहे लाभार्थियों तथा 30 प्रतिशत वेटिंग लिस्ट में शामिल किसानों को कृषि यंत्र (बेलर यूनिट व सुपर सीडर) खरीदने के लिए ऑनलाइन परमिट जारी कर दिए गए हैं।
सहायक कृषि अभियंता विजय जैन ने बताया कि संबंधित किसान 27 नवंबर तक विभागीय पोर्टल से अपना परमिट डाउनलोड करना सुनिश्चित करें। इसके बाद किसान 30 नवंबर तक कृषि यंत्र खरीदकर उसकी बिलिंग करवाएं तथा संबंधित डीलर के माध्यम से बिल विभागीय पोर्टल पर अपलोड करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने अभी तक कृषि यंत्रों की खरीद नहीं की है, वे भी निर्धारित समय सीमा के भीतर यंत्र खरीदकर 30 नवंबर तक बिल अपलोड करवाएं। इसके अतिरिक्त पैडी सप्लाई चेन के तहत लाभार्थी किसान भी 30 नवंबर तक अपने कृषि यंत्र खरीदकर उनके बिल डीलर के माध्यम से विभागीय पोर्टल पर अपलोड करवाना सुनिश्चित करें।
*****