azadi ka amrit mahotsav

*स्थानीय निकाय और पंचायतें जितनी मजबूत होंगी, जनता की अपेक्षाएं उतनी ही बेहतर ढंग से पूरी होंगी

Posted On: 23 Nov 2026 6:27PM
*स्थानीय निकाय और पंचायतें जितनी मजबूत होंगी, जनता की अपेक्षाएं उतनी ही बेहतर ढंग से पूरी होंगी : श्री मनोहर लाल*

*केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा, पंचायतों तथा स्थानीय निकाय की जमीन और संपत्तियों का बेहतर उपयोग कर बढ़ाएं आय*

*गांवों की साझा संपत्तियों के संरक्षण के लिए महीने में एक दिन श्रमदान करें ग्रामीण, गांवों की संपत्तियों की देखरेख के लिए बनाएं केयरटेकर व्यवस्था : श्री मनोहर लाल*

गुरुग्राम, 23 नवंबर।
केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायतें जितनी मजबूत होंगी, जनता की अपेक्षाएं उतनी ही बेहतर ढंग से पूरी होंगी। गांव में सरपंच और शहर में पार्षद, मेयर एवं चेयरमैन सीधे जनता से जुड़े होते हैं और लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी उन्हीं की होती है। ऐसे में स्थानीय संस्थाओं को पर्याप्त वित्तीय संसाधन, अधिकार और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों को सरकारी अनुदान पर निर्भर रहने के साथ साथ अपनी आय के स्रोत भी विकसित करने चाहिए।

श्री मनोहर लाल सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान की ओर से पंचायतों एवं नगर निकायों को अधिकारों का हस्तांतरण, वित्तीय स्थिरता तथा प्रभावी सेवा वितरण विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल तथा स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एसजेएचआईएफएम) महानिदेशक डॉ. राज नेहरू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

*पंचायतों की जमीन और संपत्तियों का बेहतर उपयोग कर बढ़ाएं आय*

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंचायतों के पास उपलब्ध जमीन, भवन और तालाब आय के महत्वपूर्ण स्रोत बन सकते हैं। पंचायत की जमीन को पारदर्शी तरीके से उचित दरों पर ठेके पर देने, तालाबों में मछली पालन, किराये के भवन और मार्केट विकसित करने से नियमित आमदनी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पंचायतों के पास एफडी के रूप में जमा धनराशि को निष्क्रिय रखने के बजाय ऐसी संपत्तियां विकसित करने पर विचार करना चाहिए, जिनसे लंबे समय तक आय प्राप्त हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आह्वान किया कि वे स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए पंचायतों और नगर निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करें।

*गांवों की साझा संपत्तियों के संरक्षण के लिए महीने में एक दिन श्रमदान करें ग्रामीण : मनोहर लाल*

केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने गांवों में सामूहिक श्रमदान की परंपरा को फिर से शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक गांव में महीने में एक दिन निर्धारित किया जाना चाहिए, जब ग्रामीण एकत्रित होकर श्रमदान करें। ग्राम सभा पहले से तय करे कि उस दिन स्कूल की मरम्मत, दीवारों की पुताई, गलियों और फिरनी की सफाई, तालाबों की देखरेख तथा पौधरोपण जैसे कौन से कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्रमदान से गांव की साझा संपत्तियों का निर्माण और रखरखाव होगा तथा ग्रामीणों में अपनी संपत्ति के प्रति अपनापन और जिम्मेदारी का भाव भी मजबूत होगा।

*गांवों की संपत्तियों की देखरेख के लिए बनाएं केयरटेकर व्यवस्था*

श्री मनोहर लाल ने कहा कि गांवों में स्कूल, सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की नियमित देखरेख जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक गांव में केयरटेकर की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने करनाल लोकसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 15 ग्राम केयरटेकर नियुक्त किए गए हैं और एक पोर्टल बनाया गया है। ग्रामीण सड़क, भवन या अन्य सार्वजनिक संपत्ति में नुकसान होने पर उसकी फोटो पोर्टल पर अपलोड कर संबंधित विभाग को भेज सकते हैं। विभाग को निर्धारित अवधि में समस्या का समाधान करना होगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों को आय बढ़ाने के साथ उपलब्ध धनराशि का सही उपयोग और सार्वजनिक संपत्तियों का रखरखाव भी सुनिश्चित करना चाहिए।
000

 

*****

 


(Release ID: 11073)