कर्ण स्टेडियम में जल्द बनेंगे 6 बैडमिंटन कोर्ट और बड़ा बॉक्सिंग हॉल : विधायक जगमोहन आनंद
सीएम घोषणाओं की समीक्षा बैठक में विधायक जगमोहन आनंद ने करनाल विधानसभा क्षेत्र की लंबित मांगों को अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया
Posted On:
25 Nov 2026 4:11PM
करनाल, 25 नवंबर। विधायक जगमोहन आनंद ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री घोषणा समीक्षा बैठक में भाग लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सभी विधायकों के साथ एसीएस स्तर एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की वन-टू-वन बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विधायक जगमोहन आनंद ने करनाल विधानसभा क्षेत्र से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की लंबित मांगों एवं विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि करनाल में लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और आने वाले समय में कई बड़ी विकास परियोजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से करनाल के कर्ण स्टेडियम के विकास का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि कर्ण स्टेडियम में जल्द ही 6 नए बैडमिंटन कोर्ट और एक बड़े बॉक्सिंग हॉल का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए ड्राइंग एवं एस्टीमेट संबंधित विभाग को भेजे जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों एवं दर्शकों की सुविधा के लिए बैठने हेतु सीढ़ीनुमा स्टैंड (स्टेप्स) के निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।विधायक ने कहा कि करनाल को खेल सुविधाओं के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। बैठक में उठाई गई सभी लंबित मांगों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है और उनका प्रयास रहेगा कि करनाल विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रस्तावित एवं लंबित विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए।
*****
(Release ID: 11150)