azadi ka amrit mahotsav

सड़क सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देशों की समयबद्ध अनुपालना सुनिश्चित करें अधिकारी:- उपायुक्त सतबीर सिंह

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़क किनारे के बरम मजबूत करने के निर्देश

Posted On: 25 Nov 2026 4:52PM

रोहतक, 25 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर दिए गए निर्देशों की संबंधित अधिकारी समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से अनुपालना सुनिश्चित करें। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और बहुमूल्य जीवन बचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर नियमित कार्रवाई के साथ-साथ नए और प्रभावी उपाय भी किए जाएं।
सतबीर सिंह ने आज मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक के बाद संबंधित अधिकारियों को ये निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों को सड़क सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परंपरागत उपायों के साथ-साथ अन्य प्रभावी विकल्पों पर भी काम करना होगा। उन्होंने सड़क किनारे बने बरम की स्थिति की जांच करने तथा उन्हें मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी एवं अन्य वाहन निर्धारित ले-बाय में ही खड़े किए जाएं, ताकि सड़क पर यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए धरातल पर लागू किया जाए। सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विस्तृत विवरण तैयार कर उनकी पहचान की जाए तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि कई बार भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप न होने और उन्हें निर्धारित ले-बाय के बजाय सड़क किनारे खडा करने से दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे मामलों में पुलिस विभाग प्रभावी निगरानी रखे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। सतबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सड़कों पर निर्धारित मानकों के अनुसार सफेद पट्टियां (रोड मार्किंग) लगाने तथा यातायात संकेत (साइनेज) दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इसके अलावा, जिन स्थानों पर पैदल यात्रियों की आवाजाही अधिक है, वहां आवश्यकता के अनुसार फुट ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से जागरूकता अभियान चलाएं और लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने भी जिला उपायुक्तों को सडक सुरक्षा से जुडे विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दुहन, सचिव आरटीए वीरेंद्र ढुल, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, नगराधीश शुभम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



 

*****

 


(Release ID: 11158)