Administrator General & Official Trusty and Treasurer, Charitable Endoments
azadi ka amrit mahotsav

पट्टी, रिफ्लेक्टर, बर्म, संकेतक हों दुरुस्त, पेड़ों की ट्रिमिंग व गड्ढे खत्म हों:विश्राम कुमार मीणा

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने सडक़ हादसों को रोकने के लिए दिए सख्त निर्देश, गीता जयंती महोत्सव को लेकर बनाई जाएगी विशेष यातायात योजना, शहरी क्षेत्र में लाइटिंग व्यवस्था होगी दुरुस्त

Posted On: 25 Nov 2026 3:31PM

कुरुक्षेत्र 25 नवंबर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले की सभी सडक़ों पर पट्टी (रोड मार्किंग), रिफ्लेक्टर, बर्म और संकेतक दुरुस्त होने चाहिए। जहां भी पट्टी मिट गई है, रिफ्लेक्टर टूटे हैं या संकेतक खराब हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। रात के समय सडक़ पर पट्टी और रिफ्लेक्टर ही चालक को सही दिशा दिखाते हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिले की सभी सडक़ों से गड्ढे खत्म किए जाएं। सडक़ों की नियमित मरम्मत की जाए और जहां भी गड्ढा दिखाई दे, उसे तुरंत भरा जाए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा बुधवार को जिला सडक़ सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ आयोजित बैठक में बोल रहे थे। इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को सडक़ हादसों को रोकने के लिए ठोस और स्थाई प्रबंध करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सडक़ पर एक छोटी सी लापरवाही भी किसी की जान ले सकती है, इसलिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने ब्लैक स्पॉट खत्म करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बार-बार हादसे हो रहे हैं, उन ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, लाइट और अन्य सुरक्षा उपाय तुरंत लगाए जाएं। ब्लैक स्पॉट पर हादसों के कारणों की गहन जांच कर स्थाई समाधान किया जाए। इस मौके पर डीएसपी सुरेश कुमार, एक्सईएन मनीष बब्बर, एक्सईएन ऋषि सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
सडक़ किनारे झुके हुए पेड़, टहनियां व झाडियों की सफाई के निर्देश
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने निर्देश दिए कि सडक़ों पर लगे पेड़ों की ट्रिमिंग करवाई जाए। सडक़ों पर झुके हुए पेड़, उनकी टहनियां और बढ़ी हुई झाडिय़ां चालकों को दिखाई नहीं देतीं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। विशेषकर मोड़ और चौराहों पर पेड़ों की ट्रिमिंग तुरंत करवाई जाए, ताकि चालकों को दूर तक सडक़ साफ दिखाई दे। वन विभाग और संबंधित विभाग इस काम को प्राथमिकता पर पूरा करें।
यातायात नियमों का सख्ती से करवाया जाए पालन
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाए। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवर स्पीड, ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। रात में चेकिंग बढ़ाई जाए और पेट्रोलिंग को एक्टिव रखा जाए। रात के समय हादसों की संभावना अधिक होती है, इसलिए पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
हादसों के कारण जानकर दोबारा दुर्घटना रोकने की हो स्थाई व्यवस्था
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हादसों को रोकने के लिए हादसों के कारण जानकर उन पर स्थाई प्रबंध किया जाए। हर बड़े हादसे की समीक्षा की जाए कि हादसा क्यों हुआ और भविष्य में ऐसा हादसा न हो, इसके लिए क्या कदम उठाए जाएं। मुख्य चौराहों, ब्लैक स्पॉट और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा से निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि सडक़ किनारे वाहन खड़ा करने वालों के चालान किए जाएं और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाए। सडक़ किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन यातायात में बाधा डालते हैं और हादसों का कारण बनते हैं। विशेषकर हाईवे और मुख्य सडक़ों पर अवैध पार्किंग को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बेसहारा पशुओं को सडक़ों के बीच से हटवाए नप की टीम
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने पशुपालन विभाग और नगर परिषद को निर्देश दिए कि बेसहारा पशुओं को सडक़ों से हटाया जाए। रात के समय सडक़ों पर बैठे पशु बड़े हादसों का कारण बनते हैं। बेसहारा पशुओं को पकडक़र गौशालाओं में भेजा जाए और इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि रोड सेफ्टी में सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों, ट्रांसपोर्टरों, पंचायतों और आम नागरिकों को सडक़ सुरक्षा अभियान से जोड़ा जाए। सडक़ सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, यह हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
गीता जयंती समारोह के मद्देनजर यातायात की बनाए जाए विशेष योजना
उपायुक्त ने कहा कि आगामी गीता जयंती समारोह के मद्देनजर यातायात की उचित योजना बनाई जाए। गीता जयंती के दौरान कुरुक्षेत्र में लाखों श्रद्धालु आते हैं। इसलिए पहले से ही यातायात, पार्किंग, डायवर्जन और भीड़ प्रबंधन की पूरी योजना तैयार की जाए। ब्रह्मसरोवर, सन्निहित सरोवर और मुख्य मार्गों पर विशेष प्रबंध किए जाएं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस, नगर परिषद और अन्य विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में लाइटिंग व्यवस्था उचित होनी चाहिए। शहर की सडक़ों, चौराहों, गली-मोहल्लों और गीता जयंती के आयोजन स्थलों पर पर्याप्त लाइटिंग हो। जहां भी स्ट्रीट लाइट खराब हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। रात के समय अंधेरा भी हादसों और अपराध का कारण बनता है, इसलिए लाइटिंग व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।



 

*****

 


(Release ID: 11173)