azadi ka amrit mahotsav

सडक़ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक

- अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने संबंधित विभागों को दिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश

Posted On: 25 Nov 2026 7:09PM
पलवल, 25 नवंबर।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों के साथ सडक़ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में राज्य स्तरीय बैठक लेकर समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सडक़ दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पलवल से अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद संबंधित अधिकारियों के साथ वीसी से जुड़े।

अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने समीक्षा बैठक उपरान्त संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला में सडक़ सुरक्षा से संबंधित सभी प्रबंध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आगामी धुंध के मौसम के दृष्टिगत सभी सडक़ स्वामित्व एजेंसियां नागरिकों की सुरक्षा के लिए सडक़ सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करें। सडक़ों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट साइनेज, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे जिला सचिवालय सिथत सभागार में सडक़ सुरक्षा से संबंधित बैठक लेकर समीक्षा करेंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सडक़ें), नगर परिषद, एनएचएआई, एचएसवीपी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली सडक़ों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप रोड मार्किंग, साइनेज, रिफ्लेक्टर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सडक़ों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करवाई जाए ताकि नागरिकों को आवागमन के दौरान असुविधा न हो।

अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने स्पष्ट किया कि सडक़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को जिला में चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सडक़ सुरक्षा के सभी प्रबंध करवाए जाएं तथा यातायात जाम की समस्या से सम्बंधित स्थानों पर भी सुगम आवागमन के लिए प्रबंध करें। बैठक में सचिव आरटीए जितेंद्र कुमार सहित एचएसवीपी, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सडक़ें) व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 11179)