26 नवंबर, वीरवार को संविधान दिवस पर हरियाणा विधानसभा में विशेष सत्र का आयोजन, विधायक जगमोहन आनंद ने की संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित
Posted On:
26 Nov 2026 5:08PM
करनाल, 26 नवंबर (वीरवार)। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा विधानसभा में विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें करनाल के विधायक श्री जगमोहन आनंद ने भी भाग लिया। इस अवसर पर विधायक ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि भारत का संविधान अत्यंत मजबूत, व्यापक और जनभागीदारी की भावना से परिपूर्ण है। संविधान ने ही प्रत्येक जनप्रतिनिधि को यह अधिकार और शक्ति प्रदान की है कि वह सदन में आम जनता की आवाज उठाकर उनके हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रख सके।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। विपक्षी दलों द्वारा समय-समय पर संविधान को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया है, जबकि देश का संविधान पूरी तरह मजबूत और सुरक्षित है। संविधान को किसी प्रकार का खतरा नहीं है।
विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीब, वंचित, पिछड़े और अंत्योदय वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी को नमन करते हुए विधायक ने कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा पिछड़े एवं वंचित वर्गों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए कार्य करना हम सभी का दायित्व है।
*****
(Release ID: 11267)