azadi ka amrit mahotsav

समाज को जोड़ने, भारतीय संत परंपरा का सम्मान करने और राष्ट्र की एकता को सशक्त बनाने का संदेश दे गई 'समरसता संकल्प यात्रा'

- संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में जालंधर से वाराणसी तक निकाली जा रही चरण पादुका यात्रा का पलवल और होडल में हुआ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन

Posted On: 28 Nov 2026 6:41PM
पलवल/होडल, 28 नवंबर।
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में जालंधर से वाराणसी तक निकाली जा रही 'समरसता संकल्प यात्रा' का शनिवार को पलवल-होडल में पहुंचने पर श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पलवल और होडल में 'समरसता संकल्प यात्रा' के आगमन पर जगह-जगह श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और आमजन ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। 'समरसता संकल्प यात्रा' के माध्यम से समाज को एकजुट करने, आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने और संत गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

हरियाणा सरकार में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, खेल, कानून एवं विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने गदपुरी टोल प्लाजा पर पलवल के नागरिकों aur कार्यकर्ताओं के साथ 'समरसता संकल्प यात्रा' का भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत पलवल के किठवाड़ी चौक पर हरियाणा सरकार में विकास एवं पंचायत तथा खनन एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार और पूर्व मंत्री डा. बनवारी लाल ने 'समरसता संकल्प यात्रा' का भव्य स्वागत अभिनंदन किया। पलवल से होते हुए यात्रा उपमंडल होडल पहुंची, जहां श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर 99 एकड़ अनाज मंडी में 'समरसता संकल्प यात्रा' के स्वागत में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। 'समरसता संकल्प यात्रा' होडल से मथुरा के लिए रवाना हुई।

इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला फरीदाबाद से 'समरसता संकल्प यात्रा' को पलवल के लिए रवाना किया। होडल विधायक हरेंद्र सिंह फरीदाबाद से ही 'समरसता संकल्प यात्रा'  की अगुवाई करते हुए पलवल और होडल पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने यात्रा में भागीदारी करते हुए संत गुरु रविदास महाराज जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

समरसता संकल्प यात्रा प्रेम, समानता, सम्मान और राष्ट्रीय एकता की यात्रा : कृष्ण लाल पंवार
हरियाणा सरकार में विकास एवं पंचायत तथा खनन एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि प्रेम की यात्रा, समानता की यात्रा, सम्मान की यात्रा और सबसे बढ़कर राष्ट्र की एकता की यात्रा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में पिरोना तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के महान विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान ऋषि-मुनियों एवं संत-महात्माओं की महान परंपरा पर आधारित है। भारतीय सभ्यता की विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक परंपराओं ने सदैव समाज को ज्ञान, सदाचार, करुणा और मानवता का मार्ग दिखाया है। इसी महान संत परंपरा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके विचारों ने सदियों से समाज को समानता, प्रेम और मानव कल्याण का संदेश दिया है।

गुरु रविदास जी की शिक्षाएं समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देती हैं : गौरव गौतम
हरियाणा सरकार में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, खेल, कानून एवं विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने समाज को ऊंच-नीच, भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर प्रेम, भाईचारे और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं और समाज को एकजुट करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के समान सम्मान और अधिकार प्राप्त हों। समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य भारत की महान संत परंपरा के मूल्यों को समाज में पुनः प्रतिष्ठित करना तथा देशभर में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करना है।

भेदभावमुक्त, समरस समाज के निर्माण के संकल्प को और सशक्त कर रही ‘समरसता संकल्प यात्रा’ : शिवेश कुमार राम
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के पावन उपलक्ष्य में संचालित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का पलवल में भव्य एवं उत्साहपूर्ण आगमन हुआ। यह यात्रा गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय, बंधुत्व और मानवता के शाश्वत संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा भेदभावमुक्त, समरस समाज के निर्माण के संकल्प को और सशक्त कर रही है। बृज नगरी पलवल की धरती पर उमड़ा जनसैलाब और लोगों का अपार उत्साह इस बात का प्रमाण है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज को समानता, एकता और भाईचारे के सूत्र में जोड़ने की प्रेरणा दे रहे हैं। यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और मानवीय गरिमा के प्रति जन-जन की सहभागिता का सशक्त संकल्प है।

उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक समरसता तभी स्थापित हो सकती है, जब प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान मिले और सभी वर्ग आपसी प्रेम, सहयोग एवं सद्भाव के साथ आगे बढ़ें। भारत की असली शक्ति उसकी आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विविधता और एकता में निहित है। संतों और महापुरुषों की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर ही एक समरस, सशक्त और विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है।

गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समानता और मानव कल्याण का प्रेरणादायी संदेश : हरेंद्र सिंह
होडल में चरण पादुका यात्रा के भव्य स्वागत के दौरान विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि 'समरसता संकल्प यात्रा' का मुख्य उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना, सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना तथा समाज में समानता, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन और दर्शन मानव कल्याण, सामाजिक न्याय, समानता एवं सामाजिक परिवर्तन का प्रेरणादायी संदेश देता है। उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का समान अवसर मिले। उनकी अमर वाणी और शिक्षाएं आज भी समाज को सत्य, प्रेम, सदाचार, परोपकार एवं समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करती हैं।

विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि संत गुरु रविदास जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव जैसी बुराइयों को समाप्त किया जा सकता है। हमें उनकी शिक्षाओं को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि अपने व्यवहार और जीवनशैली में भी अपनाना चाहिए।

सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दे गई यात्रा
पलवल और होडल में चरण पादुका यात्रा के आगमन पर हुए भव्य स्वागत ने संत गुरु रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। यात्रा के माध्यम से लोगों को आपसी भाईचारा, सहयोग और सद्भाव मजबूत करने तथा एक समतामूलक, शिक्षित एवं भेदभाव रहित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
समरसता संकल्प यात्रा संत गुरु रविदास महाराज जी के आदर्शों के अनुरूप समाज को जोड़ने, भारतीय संत परंपरा का सम्मान करने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सशक्त बनाने का प्रेरणादायी संदेश दे गई।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व मंत्री डा. बनवारी लाल, पूर्व विधायक राम रतन, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता,  भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, नगर परिषद पलवल के अध्यक्ष डा. यशपाल, जिला प्रभारी नागेंद्र शर्मा, शीशपाल, हरेंद्रपाल राणा, देवेंद्र पांचाल, भाजपा जिला महामंत्री दिनेश कौशिक, जयराम प्रजापत, जिला उपाध्यक्ष ईश्वर, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरेश, जिला मीडिया प्रभारी सागर चौहान, हिना शुक्ला, पवन अग्रवाल, समाजसेवी मनोज रावत, बाबू खेमचंद, शीतल दास, संजय निर्मल, देवेंद्र वर्मा, अजय खुंडिया, सुरेश गुर्जर, साध्वी रेणुका, साध्वी रंजना सहित रविदास ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति  उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 11335)