Agriculture and farmer welfare
किसानों के लिए वर्तमान में कृषि सीजन के लिए पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं उर्वरक : डा. आदित्य प्रताप
Posted On:
06 May 2026 4:18PM
कुरुक्षेत्र, 6 मई। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डा. आदित्य प्रताप ने कहा कि जिला के किसानों के लिए वर्तमान में कृषि सीजन के लिए उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि उर्वरक केवल अधिकृत विक्रेताओं एवं पैक्स समितियों से ही खरीदें। यदि कोई विक्रेता उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद जबरन लेने के लिए बाध्य करता है (टैगिंग) तो इसकी सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि जिले में डीएपी 2450 मीट्रिक टन और यूरिया 11200 मीट्रिक टन उर्वरकों की उपलब्धता है। ये उर्वरक निजी विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों (पैक्स) के माध्यम से उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त कल लगभग 1200 मीट्रिक टन यूरिया की एनएफएल रैक जिले में प्राप्त होगी, जिससे आपूर्ति व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।उन्होंने कहा कि जिले में अनुमानित धान 3,15,000 एकड़, गन्ना 30,000 एकड़ के अलावा चारा, मक्का, मूंग एवं सब्जियां फसलों के क्षेत्र मौजूद हैं। वर्तमान उपलब्धता एवं आगामी आपूर्ति को देखते हुए जिले में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान अपने खेतों का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि उर्वरकों की प्राप्ति में किसी प्रकार की समस्या न हो। उर्वरकों का उपयोग सिफारिशी मात्रा के अनुसार ही करें। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक भंडारण (स्टॉक) या घबराहट में खरीदारी न करें।उन्होंने कहा कि संतुलित पोषण हेतु जैविक खाद एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों का भी उपयोग करें, जिससे मिट्टी की उर्वरता एवं उत्पादन बढ़ेगा। कृषि विभाग सभी किसानों को आश्वस्त करता है कि पूरे सीजन के दौरान उर्वरकों की आपूर्ति एवं उपलब्धता सुचारू रूप से बनी रहेगी। किसी भी प्रकार की जानकारी या शिकायत हेतु किसान अपने नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
*****
(Release ID: 1284)