Census Operations
azadi ka amrit mahotsav

घर-घर जनगणना और हाउस लिस्टिंग कार्य में सहयोग करें नागरिक : उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ

-जिला में 30 मई तक जारी है घर-घर जनगणना और हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया

-जनगणना के दौरान नागरिकों से पूछे जाएंगे 33 सवाल

Posted On: 06 May 2026 7:41PM
PrintRelease पलवल, 5 मई। उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला में ग्राउंड सर्वे का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि ग्राउंड सर्वे (हाउस-लिस्टिंग) जनगणना की एक महत्वपूर्ण और औपचारिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक घर और उसमें रहने वाले लोगों का सटीक विवरण एकत्र करना होता है। जिला में यह प्रक्रिया 1 मई से शुरू होकर 30 मई तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि जनणना प्रक्रिया के दौरान प्रशिक्षित गणना कर्मी घर-घर जाकर आमजन से जानकारी एकत्र करेंगे। वे प्रत्येक मकान की स्थिति, उपयोग (रिहायशी या गैर-रिहायशी), परिवार के सदस्यों की संख्या, उनकी आयु, लिंग, शिक्षा, और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करेंगे। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की कोई कोताही न बरतें और जनगणना कार्य को प्राथमिकता के आधार पर लें।

उपायुक्त ने कहा कि निर्देश दिए कि गणनाकर्मी और पर्यवेक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनगणना का कार्य करें और जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करवाएं। हाउस-लिस्टिंग चरण पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आधार पर ही सरकार द्वारा योजनाएं क्रियान्वित की जाती हैं और नागरिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलता है।

जनगणना के दौरान नागरिकों से पूछे जाएंगे 33 सवाल, कोई भी व्यक्ति गलत सूचना न दे :

उपायुक्त ने बताया कि जब गणना कर्मी नागरिकों के घर जाएंगे तो जनगणना के दौरान लोगों से करीब 33 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें घर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी शामिल होगी, जैसे पानी, बिजली, शौचालय, रसोई और गैस जैसी सुविधाएं। सरकार ने साफ किया है कि गणना कर्मी केवल तय सवाल ही पूछ सकते हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे जनगणना कर्मियों को सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने बताया कि जनगणना से जुड़े प्रक्रिया की जिला स्तर से लेकर नेशनल स्तर तक विभिन्न लेवलों पर मॉनिटरिंग की जा रही है। कोई भी व्यक्ति गलत सूचना न दे।

जनगणना से संबंधित जानकारी रखी जाएगी गोपनीय : उपायुक्त

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले गणना कर्मियों और पर्यवेक्षकों का पूरा सहयोग करें और सही, सटीक व अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। किसी भी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक अपने संबंधित पर्यवेक्षक या तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जनगणना विभाग का हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जहां शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जनगणना से संबंधित जानकारी के लिए जनगणना कार्य से संबंधित शिवम सिंह के मोबाइल नंबर 6387193593 पर संपर्क किया जा सकता है।

फोटो परिचय--04--।
000

 

*****

 


(Release ID: 1291)