azadi ka amrit mahotsav

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत मुख्यमंत्री आज श्री नांदेड़ साहिब के लिए विशेष ‘भारत गौरव’ ट्रेन को करेंगे रवाना

-कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से शुरू होकर दिल्ली-सफदरजंग होते हुए श्री नांदेड़ साहिब जाएगी श्रद्धालुओं की यात्रा

-जिला पलवल के श्रद्धालुओं को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से बैठाकर श्री नांदेड़ साहिब के लिए किया जाएगा रवाना

-खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम विशेष ट्रेन को शाम 6:20 पर दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से नांदेड़ के लिए करेंगे रवाना

Posted On: 06 May 2026 7:40PM
PrintRelease पलवल, 4 मई। हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं को पवित्र तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के दर्शन कराने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार 5 मई को दोपहर बाद 3 बजे विशेष ‘भारत गौरव’ पर्यटक ट्रेन को कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए यह विशेष ट्रेन 5 मई से 10 मई 2026 तक संचालित की जाएगी, जिसमें आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं और सरकार की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्पेशल ट्रेन 5 मई को दोपहर 3 बजे कुरुक्षेत्र से रवाना होगी और रास्ते में शाम 6:20 बजे दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम विशेष ट्रेन को शाम 6:20 पर दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से नांदेड़ के लिए रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला पलवल से इस यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे 5 मई को सायं 4 बजे तक दिल्ली स्थित सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर अपने आवश्यक सामान के साथ समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें, ताकि बोर्डिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि यह विशेष ट्रेन 7 मई को सुबह लगभग 10:45 बजे नांदेड़ साहिब पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब के दर्शन करेंगे। वापसी यात्रा 8 मई को रात 8:30 बजे से शुरू होकर 10 मई को सुबह 7 बजे दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराना है। इस यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, भोजन, ठहराव और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज, पहचान पत्र, दवाइयां और जरूरी सामान साथ रखें तथा रेलवे और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए श्रद्धालुगण जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय के आईसीए सतीश कुमार से मोबाइल नंबर 9991336050 व 7404904001 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

*****

 


(Release ID: 1292)