डीसी अभिषेक मीणा ने रेडक्रॉस वॉलिंटियर्स को दी अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस दिवस की शुभकामनाएं
रेडक्रॉस का सेवा भाव और समर्पण सभी के लिए अनुकरणीय : डीसी
Posted On:
08 May 2026 6:54PM
रेवाड़ी, 8 मई।
डीसी एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसायटी रेवाड़ी अभिषेक मीणा ने अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस दिवस पर सभी रेडक्रॉस वॉलिंटियर्स व जिला वासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हमें संकटग्रस्त लोगों की मदद एवं उनके जीवन की रक्षा के लिए समर्पित रहना चाहिए। रेडक्रॉस बिना किसी भेदभाव के विश्व भर में मानवता के कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहता है।
डीसी अभिषेक मीणा अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस दिवस पर शुक्रवार को जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा लगाए गए रक्तदान शिविर कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस का सेवा भाव और समर्पण हम सबके लिए अनुकरणीय है। विश्व रेडक्रॉस दिवस प्रतिवर्ष 8 मई को रेडक्रॉस के जनक जीन हेनरी ड्यूनैंट की जयंती के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य युद्ध में घायल सैनिकों और नागरिकों की मदद करना है। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस एक इंटरनेशनल संस्थान है, जो महामारी, प्राकृतिक आपदा, युद्ध और इमरजेंसी में बिना किसी भेदभाव के लोगों की मदद करती है। इस संस्था के गठन का मकसद ही किसी भी हालात में मानवता की सेवा करना है। रेडक्रॉस ने हमेशा ही मानवता की रक्षा के लिए तत्पर होकर काम किया है।
डीसी ने कहा कि यह दिन स्वयंसेवकों और कर्मचारियों के महत्वपूर्ण योगदान को मान्यता देता है जो संघर्षों, प्राकृतिक आपदाओं और स्वास्थ्य आपात स्थितियों के दौरान मानव-सहायता प्रदान करते हैं। इस दिन का उद्देश्य मानवता, सेवा और मदद की भावना को बढ़ावा देना है। यह दिन रेडक्रॉस सोसाइटी से जुड़े लोगों को सम्मान देने के लिए भी मनाया जाता है, जो युद्ध, प्राकृतिक आपदाओं और संकट के समय किसी भी भेदभाव के लोगों की सहायता के बिना करते हैं।
डीसी अभिषेक मीणा ने मानवता में एकता थीम पर आधारित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस अवसर पर दिव्यांगों और वरिष्ठ जनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए।
------------
*****
(Release ID: 1379)