azadi ka amrit mahotsav

गुरुग्राम-जिला गुरुग्राम के सभी ब्लॉकों में आयोजित हुआ कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त पहल

Posted On: 18 May 2026 4:22PM

गुरुग्राम, 18 मई।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल एवं भव्य आयोजन की तैयारियों के अंतर्गत आज जिला गुरुग्राम के सभी ब्लॉकों में कॉमन योग प्रोटोकॉल का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों में एक साथ प्रशिक्षण शिविर लगाए गए, जिनमें आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों एवं योग सहायकों द्वारा प्रतिभागियों को निर्धारित योग प्रोटोकॉल का विस्तृत एवं क्रमबद्ध प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों, प्राणायाम, ध्यान एवं शिथिलीकरण अभ्यासों का विधिवत अभ्यास कराया गया। साथ ही प्रत्येक क्रिया की सही विधि, आवश्यक सावधानियों एवं स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गई।

ब्लॉक नोडल अधिकारियों द्वारा “स्वास्थ्य के लिए योग, ज्ञान के लिए योग एवं विश्व शांति के लिए योग” विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान भी दिए गए। कार्यक्रम में बताया गया कि कॉमन योग प्रोटोकॉल का मुख्य उद्देश्य पूरे देश में एक समान योग अभ्यास पद्धति को अपनाना है, ताकि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी स्थानों पर एकरूपता के साथ योगाभ्यास सुनिश्चित किया जा सके और अधिकतम जनभागीदारी को बढ़ावा मिले।

जिला आयुष अधिकारी डॉ मंजू कुमारी ने बताया कि आगामी दिनों में सभी ब्लॉकों में नियमित अभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी प्रतिभागी निर्धारित योग प्रोटोकॉल का शुद्ध, सटीक एवं प्रभावी अभ्यास कर सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं अधिकारियों ने योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
0000

 

*****

 


(Release ID: 1721)