azadi ka amrit mahotsav

अधिकारी समाधान शिविरों की सभी लंबित शिकायतों का करवायें तुरंत निपटारा :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

Posted On: 18 May 2026 5:41PM

रोहतक, 18 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे समाधान शिविरों की सभी लंबित शिकायतों का तुरंत उचित निपटारा करवायें। समाधान शिविरों में परिवार पहचान पत्र से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों के निपटारे की मौके पर ही प्रक्रिया पूर्ण की जाये।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में प्रशिक्षु आईएएस विशाल सिंह, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल के साथ नागरिकों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गंभीरता के साथ नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध उचित निपटारा करवाये। समस्या के समाधान के समय संबंधित नागरिक से संवाद कर उन्हें विभागीय कार्यवाही से संतुष्ट करें ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला में आबादी देह में बाढ़ संभावित गांवों में ग्राम पंचायत स्तर पर जल निकासी के लिए आवश्यकता अनुसार पंप सेट की व्यवस्था करवाई जाये। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर पंपों की खरीद करवाई जाये ताकि आवश्यकता अनुसार इनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में पहुंचे रिठाल फौगाट गांव के नागरिकों की 100 वर्ग गज प्लॉट से संबंधित शिकायत पर नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही की जाये तथा लाभ पात्र व्यक्तियों को 100 वर्ग गज के प्लॉट दिलवाये जाये।
सचिन गुप्ता ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बहु अकबरपुर गांव में पर्याप्त व शुद्घ पेयजल उपलब्ध करवाने के सभी प्रबंध करें ताकि ग्रामीणों को पेयजल बारे कोई असुविधा न हों। उन्होंने गांव में जल निकासी के लिए सिंचाई विभाग द्वारा डाली जा रही भूमिगत पाइप लाइन में ग्राम पंचायत द्वारा पूर्ण सहयोग देने को कहा। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी इस संदर्भ में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों की वर्ष 2024 की रि-ओपन हुई शिकायतों तथा 2025 की लंबित शिकायतों का भी यथाशीघ्र समाधान करवाया जाये। उन्होंने समाधान शिविर में प्राप्त अन्य शिकायतों के निपटारे के लिए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
इस अवसर पर परिवहन डिपो महाप्रबंधक नवीन कुमार, डीएमसी जितेंद्र सिंह, तहसीलदार यशपाल शर्मा, कार्यकारी अभियंता अनिल नागर, अंशुल कादयान, संजीव कुमार व अरूण मुंजाल,  जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी तथा भाजपा के प्रतिनिधियों में सांपला मार्केट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक, सतीश चौधरी व डॉ. अंकुश बिड्डू मौजूद रहे।
बॉक्स :-
जिला मुख्यालय के अलावा उपमंडल मुख्यालयों पर भी आयोजित किए गए समाधान शिविर :-
उपायुक्त सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में उपमंडल मुख्यालयों पर भी समाधान शिविर आयोजित किये गए। सांपला में उपमंडलाधीश अंकिता पुवार की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किया गया तथा महम में उपमंडलाधीश विपिन कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर लगाया गया। इन शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनी गई तथा अधिकारियों को निपटारे के निर्देश दिये गए।


 

*****

 


(Release ID: 1730)