azadi ka amrit mahotsav

रेवाड़ी-महिलाओं को आत्मनिर्भर बना सकती है व्यक्तिगत ऋण योजना - डीसी

महिला विकास निगम की स्वरोजगार स्कीम

Posted On: 19 May 2026 2:58PM

रेवाड़ी, 19 मई।
हरियाणा सरकार ने महिला विकास निगम के माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए व्यक्तिगत ऋण  योजना शुरू की है, जिसके तहत बैंकों के माध्यम से 1.50 लाख रुपए तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाता है।

    डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा व्यक्तिगत ऋण योजना के तहत जिला रेवाड़ी के लिए 2026-27 में 74 केस का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 1.80 लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाली व हरियाणा की स्थायी निवासी महिला इस योजना के लिए पात्र होंगी। आवेदक के समय महिला उद्यमी की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी आवश्यक है और आवेदक पहले से लिए गए ऋण का डिफाल्टर न हो। उन्होंने बताया कि महिला विकास निगम के माध्यम से जनरल श्रेणी की  महिला को 10 हजार रुपए  तथा अनुसूचित श्रेणी की महिला को 25 हजार रुपए अनुदान राशि दी जाएगी। योजना के तहत उद्योग विभाग की सूची में शामिल नकारात्मक गतिविधियों तथा केवीआईबी को छोडकऱ अन्य सभी गतिविधियां शामिल है। इन गतिविधियों में परचून की दुकान, कपड़े की दुकान, सैलून, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग, बुटीक, हलवाई की दुकान, फ़ूड स्टाल, टिफिन सर्विस, मिट्टी के बर्तन आदि बनाने का काम शामिल है।

    इच्छुक महिला को योजना का लाभ लेने के लिए अपने दस्तावेज आवेदन पत्र के साथ जमा करवाने होंगे।  इन दस्तावेजों में आवेदन पत्र, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज की फोटो आदि शामिल है।  सभी दस्तावेजों की दो-दो प्रतियां होनी आवश्यक है। योजना के बारे में अधिक जानकारी के लिए हरियाणा महिला विकास निगम रेवाड़ी कार्यालय नाई वाली चौक, सती कॉलोनी, गली नं 3, रेवाड़ी या  दूरभाष नंबर 01274-225294 पर संपर्क कर सकते हैं।
------------------


 

*****

 


(Release ID: 1775)