azadi ka amrit mahotsav

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर स्कूलों में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित, विद्यार्थियों ने सीखे योग और प्राणायाम के गुर

Posted On: 22 May 2026 3:29PM

कैथल, 22 मई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व तैयारियों के तहत जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से कैथल जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

          कार्यक्रम का आयोजन जिला परिषद के सीईओ एवं योग दिवस नोडल अधिकारी सुरेश राविश की देखरेख में तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया के मार्गदर्शन में किया गया। शिविरों में आयुष योग सहायकों, शारीरिक प्रवक्ताओं तथा शारीरिक शिक्षा अध्यापकों ने प्रशिक्षक के रूप में विद्यार्थियों को योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया।

          प्रशिक्षण शिविरों के दौरान छात्र-छात्राओं को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन और सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाति तथा गहरी श्वास संबंधी प्राणायाम तकनीकों की भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रत्येक योगासन और प्राणायाम के लाभ सरल एवं रोचक तरीके से समझाए।

          जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत तथा एकाग्रता मजबूत होती है। योग बच्चों की स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास और अनुशासन बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

          उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का अधिक समय मोबाइल फोन, टीवी और डिजिटल उपकरणों पर व्यतीत हो रहा है, जिससे शारीरिक गतिविधियां कम होती जा रही हैं। ऐसे में योग बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का एक प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है।

          डॉ. दहिया ने कहा कि नियमित योग और प्राणायाम से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, शरीर मजबूत और लचीला बनता है तथा तनाव और मानसिक दबाव में कमी आती है। इसके साथ ही योग सकारात्मक सोच, धैर्य, आत्मनियंत्रण और अनुशासन विकसित करने में भी सहायक है।

          उन्होंने स्कूल मुखियों से अपील की कि विद्यार्थियों को प्रतिदिन योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ, जागरूक, आत्मविश्वासी और सशक्त बन सके।


 

*****

 


(Release ID: 1930)