कैथल, 22 मई। डीसी अपराजिता ने स्थानीय नगर निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों तथा नए नियमों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित किया जाए। बल्क वेस्ट जनरेटर संस्थानों की पहचान करें और उनको वेस्ट सेग्रीगेशन के नए नियमों के बारे में बताएं। साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
डीसी अपराजिता ने स्वच्छ भारत मिशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को निर्देश दे रहीं थीं। इससे पहले अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के क्रियान्वयन, कचरा प्रबंधन, डंप साइट सुधार, प्लास्टिक वेस्ट नियंत्रण और जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई।
डीसी अपराजिता ने वेस्ट सेग्रीगेशन के नए नियमों पर विशेष जोर दिया और बताया कि अब कचरे को चार श्रेणियों में अलग किया जाएगा, जिसमें सूखा कचरा, गीला कचरा, सेनेटरी वेस्ट और स्पेशल केयर वेस्ट शामिल है। इसके लिए कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी आवश्यक रूप से मजबूत किया जाए। इसको लेकर एक एसओपी जारी की जाएगी। जिले में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शहरी स्थानीय निकायों तथा पंचायत विभाग सहित अन्य विभागों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
डीसी ने नगर निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बल्क वेस्ट जनरेटर संस्थानों की पहचान करें और उन्हें नए नियमों के बारे में अवगत करवाएं। शत प्रतिशत वेस्ट प्रोसेसिंग सुनिश्चित करें। पुराने डंप साइट और लेगेसी वेस्ट के निस्तारण को भी प्राथमिकता से निपटाएं। जिले में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर एक स्पेशल सेल बनाया जाए और एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी की जाए। जल्द ही ये नए नियम लागू होंगे, इसलिए सभी संबंधित विभाग अपनी तैयारियां रखें।
इसके अलावा डीसी ने सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध की सख्ती से पालना करवाने, बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
डीसी ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों, बाजारों, संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाए जाएं ताकि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से पूरा किया जा सके। इस अवसर पर डीएमसी कपिल शर्मा, डीएसपी बीरभान, एआईपीआरओ अमित कौशिक तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
*****