azadi ka amrit mahotsav

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के 5वें दीक्षांत समारोह को किया संबोधित :-

Posted On: 23 May 2026 3:59PM

रोहतक, 23 मई : हरियाणा के राज्यपाल एवं पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने युवा चिकित्सकों से करुणा, नैतिकता और सेवा-भाव को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर समाज में आशा, विश्वास और जीवन के प्रतीक होते हैं, इसलिए उन्हें संवेदनशीलता, विनम्रता और समर्पण भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
राज्यपाल आज रोहतक में आयोजित पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के 5वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष भी उपस्थित रहीं। दीक्षांत समारोह में कुल 950 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की गई, जबकि 68 मेधावी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने स्मारिका का विमोचन भी किया।
नवस्नातक विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों को बधाई देते हुए प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक यात्रा की पूर्णता नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व, सेवा और समर्पण से परिपूर्ण जीवन की नई शुरुआत है। राज्यपाल ने हरियाणा के प्रथम मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता सेनानी पंडित भगवत दयाल शर्मा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनके आदर्शों से प्रेरित यह विश्वविद्यालय सेवा परमो धर्म: की भावना को सार्थक रूप से आगे बढ़ा रहा है।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में विश्वविद्यालय द्वारा अर्जित उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने चिकित्सा, दंत चिकित्सा एवं फार्मेसी शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित टेली-परामर्श सेवाओं तथा स्वास्थ्य आपके द्वार जैसी जनहितकारी पहलों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन प्रयासों ने स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुदृढ़ करने के साथ-साथ जनस्वास्थ्य जागरूकता को भी नई दिशा दी है।
प्रो. असीम कुमार घोष ने कुलपति के नेतृत्व में एस. ओ. टी. टी. ओ. हरियाणा माध्यम से  चलाए जा रहे अंगदान जागरूकता अभियान की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पहल ने अनेक परिवारों में नई आशा जगाई है और यह वास्तव में इस भावना को परिलक्षित करती है कि जीवन के दान से बड़ा कोई दान नहीं है। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मन की बात के माध्यम से की गई अपील ने पूरे देश में अंगदान आंदोलन के प्रति जन-जागरूकता और जन-भागीदारी को काफी मजबूत किया है।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि इंटर्नशिप के दौरान उन्होंने यह अनुभव किया होगा कि मरीज डॉक्टरों पर कितना गहरा विश्वास करते हैं और रोगियों को राहत प्रदान करने तथा जीवन बचाने से कितनी आत्मिक संतुष्टि प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान को करुणा, कौशल को नैतिकता और निर्णयों को सेवा-भाव से संचालित करें। राज्यपाल ने कहा कि देश को आज भी विशेष रूप से ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में समर्पित चिकित्सकों की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि अनेक विद्यार्थी समाज सेवा के लिए आगे आएंगे, जबकि कुछ चिकित्सा अनुसंधान, नवाचार और स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धि का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज और स्वास्थ्य सेवा के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है। उन्होंने चिकित्सा, दंत चिकित्सा, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, फार्मेसी एवं एलाइड हेल्थ साइंसेज सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में डिग्री प्राप्त करने वाले 950 विद्यार्थियों को बधाई दी। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 68 मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए जाने पर भी शुभकामनाएं दीं।
कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का मिशन है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के गरीब एवं वंचित वर्गों के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेलीमेडिसिन और डिजिटल हेल्थ सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकें स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण बदलाव ला रही हैं। विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में 59 संबद्ध कॉलेजों से शुरू हुआ विश्वविद्यालय आज प्रदेशभर में 165 कॉलेजों से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा अब तक छह सफल अंगदान तथा पीजीआईएमएस में 38 सफल किडनी प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं, जिनकी सफलता दर 100 प्रतिशत रही है। शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष 5 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने आये हुए सभी मेहमानों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका, गुलशन भाटिया, उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, एएसपी आयुष यादव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह व नमिता सिंह, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. मिलाप पुनिया, कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, डीएलसी सुपवा महाविद्यालय के वीसी अमित आर्य, निदेशक डॉ. एस के सिंघल, डीन डॉ. अशोक चौहान, डीन अकादमिक अफेयर्स डॉ. एमजी वशिष्ठ, डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल, प्राचार्य डॉ. मनु राठी, प्रो. दिलबाग, प्रो. संदीप बंसल, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. गुलजार मनोज, प्रो. संजय कुमार गोयल, श्री जसविंदर सिंह, प्रो. जे.सी. दुवेजा, प्रो. डॉ. एम.के. गर्ग, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. बृजेन्द्र सिंह ढिल्लों, डॉ. धीरज परिहार, डॉ. राजीव महेंद्रू, डॉ. अलका जावड़ा, डॉ. नवीन कटियाल, प्रोफेसर सुनीता कुमारी, डॉ. आर.एस. चौहान, डॉ. अपर्णा, डॉ. अरुण, डॉ. नेहा सिक्का, डॉ. विक्रम यादव, राजेश मिनोचा, डॉ. अजय गर्ग, डॉ. विनय सैनी, डॉ. वरुण शर्मा, डॉ. नीरज सैनी आदि मौजूद रहे। मंच का संचालन डॉ मंजूनाथ, डॉ वरुण अरोड़ा, डॉ उमेश यादव, डॉ. हरनीत सिंह, डॉक्टर उर्मील चावला, डॉ प्रीति ने किया।


 

*****

 


(Release ID: 1949)