CM Press Release
azadi ka amrit mahotsav

पुलिस भर्ती पीएमटी में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने स्वयं पहुंचे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने ताऊ देवी लाल स्टेडियम में पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों से की मुलाकात, बढ़ाया मनोबल

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खासे उत्साहित नजर आए अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों और परिजनों ने मुख्यमंत्री द्वारा व्यवस्थाओं का जायजा लेने और उत्साहवर्धन करने की पहल की करी सराहना

पीएमटी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए किये गए व्यापक प्रबंध : मुख्यमंत्री

Posted On: 25 May 2026 3:25PM
चंडीगढ़, 25 मई -- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में पुलिस भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) में शामिल अभ्यर्थियों से मुलाकात कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

 हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ताऊ देवी लाल स्टेडियम में पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक माप परीक्षण आयोजित की जा रही है। 

मुख्यमंत्री ने परीक्षा में भाग ले रहे अभ्यर्थियों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभ्यर्थियों से प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं का जायजा लेने और अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से वे स्वयं स्टेडियम पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी पीएमटी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।

 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों के साथ आए परिजनों से भी मुलाकात की और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर अभ्यर्थी खासे उत्साहित नजर आये। कई अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता से उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

 अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी लेने और उनका उत्साहवर्धन करने की सराहना की। उन्होंने इसे संवेदनशील एवं प्रेरणादायक पहल बताया।

 ताऊ देवी लाल स्टेडियम में प्रतिदिन लगभग 3 हजार अभ्यर्थियों की शारीरिक माप परीक्षण का आयोजन किया जा रहा है। अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर विश्राम क्षेत्र बनाया गया है, जहां बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बैगेज जमा कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

 इस अवसर पर उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त श्रीमती सृष्टि गुप्ता, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य, अभ्यर्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

 क्रमांक- 2026

 

*****

 


(Release ID: 1988)