azadi ka amrit mahotsav

डीसी अपराजिता ने किया ड्रेनों की सफाई कार्य का निरीक्षण

बारिश से पहले ड्रेनों एवं नालों की सफाई के जारी किए सख्त आदेश सिल्लाखेड़ा ड्रेन की टूटी रेलिंग को तुरंत ठीक करवाने के दिए आदेश कलायत व कैथल ब्लॉक की ड्रेनों का किया निरीक्षण

Posted On: 25 May 2026 4:00PM

कैथल / कलायत, 25 मई। डीसी अपराजिता ने सोमवार को कैथल व कलायत ब्लॉक की ड्रेनों की सफाई कार्य का निरीक्षण  किया और अधिकारियों को बारिश से पहले सभी ड्रेनों एवं नालों की सफाई कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। डीसी ने खनौरी रोड पर सिल्लाखेड़ा ड्रेन की टूटी रेलिंग को तुरंत ठीक करवाने के आदेश दिए। साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग को शहर से निकल रहे नालों की सफाई-सफाई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

          डीसी अपराजिता सोमवार सुबह सबसे पहले गांव नरड़ के निकट अमीन ड्रेन पुल पर पहुंचीं। जहां सिंचाई विभाग द्वारा करवाए जा रहे सफाई कार्य का निरीक्षण किया। एक्सईएन निशांत बत्तान ने पूरे कार्य की जानकारी दी। इसके बाद डीसी ने कलायत में पूंडरी ड्रेन से सिरसा ब्रांच में पानी लिफ्ट करने वाले पंप हाउस का दौरा किया, जहां उन्होंने पंप हाउस के अंदर लगाई गई मशीनों की साफ-सफाई एवं रखरखाव बारे आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पंप ड्रेन में उगी जलकुंभी को साफ करने के निर्देश दिए। साथ ही वहां पर साफ-सफाई करवाने के भी निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि मानसून से पहले ही ड्रेनों की साफ-सफाई सहित पंप हाउस का क्रियाशील होना आवश्यक है। डीसी ने पूंडरी ड्रेन से सिरसा ब्रांच में पानी लिफ्ट करने की पूरी प्रक्रिया को बारीकि से समझा और बिजली आपूर्ति सहित तमाम उन सुविधाओं की जानकारी ली, जो जरूरत पड़ने पर अनिवार्य होती हैं।

          इसके बाद डीसी अपराजिता ने कैथल में सिल्लाखेड़ा ड्रेन की साफ-सफाई के कार्य का निरीक्षण किया। खनौरी रोड पर पुल की रेलिंग टूटने पर डीसी ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्य अधूरे नहीं होने चाहिए। यहां से मलबा तुरंत हटाया जाए और रेलिंग को दुरुस्त किया जाए, ताकि हादसों से बचा जा सके। डीसी ने ड्रेन के सफाई कार्य को तय समय में पूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीसी ने मानस रोड के नाले की सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पानी की निकासी पूरी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि नाले की सफाई करके जो भी गंदगी निकलेगी, उसे तुरंत उठाकर उचित जगह पर उसका निस्तारण किया जाए। नालों के किनारे ही यदि यह गंदगी पड़ी रहेगी तो फिरसे नालों को ब्लॉक करेगी। डीसी ने कहा कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

          डीसी अपराजिता ने सिंचाई व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले तय समय सीमा में ड्रेनों सहित नालों आदि की सफाई सुनिश्चित करवाएं। जहां जरूरत हो, वहां मनरेगा से मजदूर लेकर साफ-सफाई कार्य पूरा करवाएं। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। यदि समय पर साफ-सफाई नहीं हुई तो जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

          इस मौके पर कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, सिंचाई विभाग के एक्सईएन निशांत बत्तान, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

*****

 


(Release ID: 2002)