रेवाड़ी-जनगणना 2027 के लिए जागरूकता प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को डीसी ने किया सम्मानित
जिला में 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हुआ हाउस लिस्टिंग का कार्य
Posted On:
25 May 2026 5:04PM
रेवाड़ी, 25 मई।
जनगणना 2027 के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा करवाई गई पोस्टर मेकिंग व निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं के जिला स्तर पर विजेता विद्यार्थियों को डीसी अभिषेक मीणा ने सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। डीसी ने इन विजेताओं विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए उन्हें प्रोत्साहित भी किया।
डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी अभिषेक मीणा ने बताया कि 1 मई से शुरू हुआ घर-घर सर्वे अभियान जिला भर में सुचारू रूप से चल रहा है और यह अभियान 31 मई तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जिला में यह कार्य प्रगणकों द्वारा 90 प्रतिशत से अधिक पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य भी समय रहते पूरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से निर्धारित प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्र कर रहे हैं और उसे ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, परिवारों की स्थिति, आवासीय सुविधाओं तथा सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों से जुड़े आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं और सरकारी नीतियां तैयार की जाती हैं, जिससे विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी तरीके से पहुंच सके।
ये रहे प्रतियोगिताओं में विजेता
जनगणना 2027 को लेकर पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं करवाई गई। जिला स्तर पर पोस्टर मेकिंग राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ततारपुर इस्तमुरार की 12वीं कक्षा की वेदिका प्रथम, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोडिया कमालपुर की दसवीं कक्षा की प्रीति द्वितीय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हांसाका का बारहवीं कक्षा का लवकुश तृतीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल की बारहवीं कक्षा की चंचल प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीहा की 11वीं कक्षा की दीपिका द्वितीय व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डहीना की दसवीं कक्षा की विनीता शर्मा तृतीय स्थान पर रही।
---------------
*****
(Release ID: 2010)