azadi ka amrit mahotsav

रेवाड़ी-डीसी अभिषेक मीणा ने समाधान शिविर में जन समस्याओं का किया निदान

Posted On: 25 May 2026 5:05PM
प्रत्येक सोमवार व गुरुवार को आयोजित किए जा रहे हैं समाधान शिविर
रेवाड़ी, 25 मई।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि हरियाणा सरकार के दिशा निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के साथ समय पर निदान करने के उद्देश्य से जिला व उपमंडल स्तर पर सोमवार व गुरुवार को  सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है।
  डीसी अभिषेक मीणा ने एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा सहित अन्य विभागाध्यक्षों की मौजूदगी में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आई शिकायतों का मौके पर ही निपटान करवाया। डीसी ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि समस्याओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुलझाया जा सके। इन शिविर के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते बल्कि वे एक ही स्थान पर अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकते हैं।
समाधान शिविर में गांव पाडला में प्लाटों पर अवैध कब्जे की शिकायत पर डीसी ने पंचायत विभाग के अधिकारी को जांच करते हुए उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। झज्जर रोड से हरी नगर तक बने बाईपास पर बंद लाइट की शिकायत पर डीसी ने लोक निर्माण विभाग के इलेक्ट्रिकल डिवीजन के अधिकारी को लाइट ठीक करवाने के निर्देश दिए। गांव जैनाबाद में खेत में बिजली का पोल टूटने की शिकायत पर डीसी ने डीएचबीवीएन के अधिकारी को निर्देश दिए जहां भी टूटे पोल से संबंधित शिकायत मिले वहां तुरंत कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए पोल बदले जाए। सेक्टर-4 में अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर डीसी ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी को उचित कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा समाधान शिविर में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, पेंशन, पुलिस विभाग आदि से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही करते हुए समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
--------------


 

*****

 


(Release ID: 2011)