रेवाड़ी-मतदाता सूची को शुद्ध व त्रुटि रहित बनाना विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 का उद्देश्य: डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
Posted On:
25 May 2026 5:06PM
रेवाड़ी, 25 मई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 (एसआईआर) का कार्य 5 जून से शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को शुद्ध और अघतन, हर पात्र नागरिक का पंजीकरण सुनिश्चित करना, चुनाव पारदर्शी और निष्पक्ष करवाने के लिए एसआईआर जरूरी है।
डीसी अभिषेक मीणा सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 (एसआईआर) कार्य के संबंध में जिला के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। डीसी ने विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए सभी राजनैतिक दलों को सहयोग करने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक प्रतिनिधियों से जिला सभी बूथों पर जल्द से जल्द अपने बीएलए-1 और 2 नियुक्त करने का आह्वान किया ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 का कार्य पूरी निष्पक्षता से सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।
डीसी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 का उद्देश्य मतदाता सूची से मृत व्यक्तियों के नाम को हटाना, दोहरी प्रविष्टियां हटाना, स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी अपडेट करना, नए पात्र मतदाताओं को शामिल करना है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के अनुसार 5 जून से 10 जून तक बीएलओ को प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण किया जाएगा, जबकि 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन का कार्य भी 14 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा तथा 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
डीसी ने कहा कि बीएलओ और बीएलए की शुद्ध और स्टीक मतदाता सूची तैयार करने में अहम भूमिका होती है। विशेष गहन पुनरीक्षण में गणना प्रपत्र भरने एवं दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया को सहज एवं सरल बनाने के लिए हाइब्रिड मोड (ऑफलाइन एवं ऑनलाइन) की व्यवस्था दी गई है। इसके लिए वैबसाइट लिंक
https://voters.eci.gov.in एवं क्यूआर कोड को स्कैन करके ऑनलाइन माध्यम से किसी भी व्यक्ति द्वारा गणना प्रपत्र भरा जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के समय बीएलए का महत्वपूर्ण रोल होता है। विशेष गहन पुनरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किया जाएगा। बीएलए का कार्य मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण की स्टीक जानकारी देना, जनचेतना के लिए प्रचार प्रसार करना, दस्तावेजों में से संभावित दस्तावेजों की उपलब्धता का प्रचार प्रसार करना है। इस दौरान वे मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। मतदाताओं द्वारा भरे हुए गणना प्रपत्रों को संग्रहित कर बीएलओ को जमा करवाना भी बीएलए की जिम्मेदारी होगी।
इस अवसर पर डीडीपीओ अंकित चौहान, नायब तहसीलदार (चुनाव) अजय कुमार, बीएसपी मास्टर किशोरी लाल व बीजेपी से सतपाल धूपिया आदि उपस्थित रहे।
--------------
*****
(Release ID: 2012)