रोहतक, 25 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी अर्थात एनटीए द्वारा आगामी 21 जून को नीट (यूजी) 2026 की दोबारा परीक्षा आयोजित की जायेगी। सभी संबंधित अधिकारी इस परीक्षा को शांतिपूर्वक, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दृष्टिगत किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में नीट (यूजी) की 21 जून 2026 को दोबारा होने वाली परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस परीक्षा को पारदर्शी तरीके एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये जा रहे है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाये तथा एनटीए द्वारा जारी हिदायतों के अनुरूप परीक्षा की तैयारियां करवाई जाये।
सचिन गुप्ता ने कहा कि नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था, बिजली, पानी, परिवहन तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर हरियाणा बिजली निगम द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाया जाये तथा निगम द्वारा परीक्षा केंद्रों बाहर शामियाने लगवाकर पेयजल व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाये। अत्यधिक गर्मी के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग द्वारा ओआरएस की भी विशेष व्यवस्था करवाई जाये। परीक्षा के दिन लोकल बस सेवा के रूट परीक्षा केंद्रों को ध्यान में रखकर तय किये जाये ताकि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हों।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस सहित मेडिकल टीम की चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में ड्यूटी लगाई जाये तथा परीक्षा केंद्रों के नजदीक एंबुलेंस तैनात की जाये। नगर निगम को सफाई व्यवस्था व शौचालयों के रखरखाव के लिए विशेष स्टाफ तैनात करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल जैमर आदि लगाने सुनिश्चित किये जाये।
सचिन गुप्ता ने कहा कि बायोमेट्रिक सत्यापन तथा कड़ी सुरक्षा जांच की प्रक्रिया एनटीए द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। सभी केंद्र अधीक्षक अपने परीक्षा केंद्रों की जांच करें तथा सभी आवश्यक सुविधाएं व सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करवाये। परीक्षा केंद्रों के बाहर व अंदर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाये। परीक्षा केंद्रों के नजदीक वाहन पार्किंग की व्यवस्था करवाई जाये।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार एवं नमिता सिंह, महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
*****