रोहतक, 20 जून। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के भव्य एवं सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इस वर्ष का जिलास्तरीय मुख्य समारोह 21 जून को राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि योग दिवस के आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार प्रात: राजीव गांधी खेल परिसर में अंतिम रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
सचिन गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए नगराधीश शुभम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि समारोह का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं नगराधीश शुभम ने अंतिम रिहर्सल का निरीक्षण किया तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की।
सचिन गुप्ता ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस सामूहिक आयोजन में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली और योगमय समाज के निर्माण के संकल्प को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाएं। इस अवसर पर आईटीआई के प्राचार्य राजपाल सिंधु, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. ईशा व डॉ. भूपेंद्र साहू सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
*****