रोहतक, 20 जून। पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, रोजगार, स्वास्थ्य, कृषि, रक्षा एवं आधारभूत ढांचे सहित प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बना चुका है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 8 जून से 20 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत मण्डल रोजगार कार्यालय, रोहतक द्वारा आज स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए मनीष ग्रोवर ने कहा कि केंद्र एवं हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उद्योगों से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जिससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि सरकार की रोजगार प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त उद्योगों को भी प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाएगी ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी युवा बेरोजगार न रहे और उसे अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद भारत निरंतर प्रगति कर रहा है और विश्व में अपनी मजबूत छाप छोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। किसानों, युवाओं, उद्योगपतियों, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
मनीष ग्रोवर ने कहा कि रोजगार मेले में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा भाग लेने पहुंचे हैं। लगभग 25 से 30 प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं के साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां उपलब्ध करा रही है। आज प्रदेश के युवाओं में आत्मविश्वास दिखाई देता है और वे शिक्षा, तकनीक तथा कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। केंद्र सरकार की रोजगार प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी। योजना के तहत युवाओं को 15 हजार रुपये तथा संबंधित कंपनियों को 3 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बॉक्स :-
आत्मनिर्भर भारत के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति :- जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने रोजगार, उद्योग, आधारभूत संरचना, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन तथा आत्मनिर्भर भारत के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और उद्योग जगत के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करते हैं, जिससे योग्य युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलती है। उन्होंने युवाओं से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बॉक्स :-
सरकार का रोजगार पर विशेष फोकस :- प्रदेश सचिव रेनू डाबला
भाजपा प्रदेश सचिव रेनू डाबला ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा।
जिला प्रशासन की ओर से नगराधीश शुभम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (पीएनबी आरसेटी) द्वारा 115 अभ्यर्थियों को कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए प्रेरित किया गया। वहीं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के प्रतिनिधियों द्वारा 31 अभ्यर्थियों को विभिन्न कौशल विकास पाठ्यक्रमों एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
मण्डल रोजगार अधिकारी श्रीमती सोनम गोयल ने उपस्थित युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए रोजगार के बदलते अवसरों, कौशल उन्नयन की आवश्यकता तथा करियर निर्माण के विभिन्न आयामों के बारे में जानकारी दी। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया। मेगा जॉब फेयर में लगभग 30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा युवाओं के साक्षात्कार लिए गए, जिनमें से 469 अभ्यर्थियों को मौके पर ही जॉब ऑफर प्रदान किए गए। रोजगार मेले में लगभग 1150 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने भाग लेकर रोजगार एवं करियर संबंधी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, मंडल रोजगार अधिकारी सोनम गोयल, एचएसडीएम से एमएसएमई के अधिकारी दीपक दहिया, सोनीपत के जिला रोजगार अधिकारी मनोज कुमार, सहायक रोजगार अधिकारी मोनिका सिंह व कुमारी रिचा आर्य उपस्थित रही।
*****