रोहतक, 20 जून। कृषि उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक के आदेशानुसार स्थानीय नई अनाज मंडी में खाद विक्रेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता गुण नियंत्रण अधिकारी डॉ. दिनेश शर्मा ने की।
बैठक में गुण नियंत्रण अधिकारी डॉ. दिनेश शर्मा ने जिला के खाद विक्रेताओं को निर्देश दिए गए कि वे किसानों को उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार केवल गुणवत्तापूर्ण खाद एवं कीटनाशकों का ही वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी किसान को खाद के साथ अनावश्यक दवाइयाँ अथवा अन्य कृषि उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए। किसानों के हितों की रक्षा करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि सरकार एवं कृषि विभाग के निर्देशानुसार जिला में खाद का वितरण निर्धारित व्यवस्था के तहत किया जाएगा, ताकि किसानों को समय पर एवं सुगमता से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने सभी विक्रेताओं को खाद वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः: पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि कोई खाद विक्रेता विभागीय निर्देशों की अवहेलना करता हुआ पाया गया या किसानों को अनावश्यक उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य करता है, तो उसके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं अन्य प्रासंगिक नियमों के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी खाद विक्रेताओं ने विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं कृषि आदान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
*****