Haryana Staff Selection commission
azadi ka amrit mahotsav

सीईटी ग्रुप-डी के प्रति युवाओं में उत्साह, 77,735 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण : हिम्मत सिंह

अफवाहों से रहें सावधान, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर करें विश्वास

आवेदन से पहले दस्तावेजों की जांच जरूरी, आयोग ने जारी किए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

Posted On: 20 Jun 2026 7:49PM

सीईटी ग्रुप-डी के प्रति युवाओं में उत्साह, 77,735 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण : हिम्मत सिंह

 

अफवाहों से रहें सावधान, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर करें विश्वास

 

आवेदन से पहले दस्तावेजों की जांच जरूरी, आयोग ने जारी किए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

 

चंडीगढ़, 20 जून - हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष श्री हिम्मत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सीईटी ग्रुप-डी में अब तक 77,735 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 26,041 अभ्यर्थी अपना आवेदन अंतिम रूप से जमा कर चुके हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं।

 

श्री हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक संदेश, फर्जी कॉल अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। आयोग भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं योग्यता आधारित तरीके से संचालित कर रहा है तथा अभ्यर्थियों को आवश्यक सभी सूचनाएं समय-समय पर आधिकारिक माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

आवेदन में बरतें सावधानी

 

श्री हिम्मत सिंह ने कहा कि अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र स्वयं भरें तथा आवेदन में दर्ज सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करने के बाद ही उसे अंतिम रूप से जमा करें। आवेदन जमा होने के पश्चात अभ्यर्थी यह सुनिश्चित करें कि उनके द्वारा दी गई श्रेणी, प्रमाण-पत्रों का विवरण एवं अन्य सभी जानकारियां सही एवं अद्यतन हों। किसी भी प्रकार की त्रुटि भविष्य में अभ्यर्थिता को प्रभावित कर सकती है।

 

प्रमाण-पत्रों की वैधता

 

श्री हिम्मत सिंह ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों के प्रमाण-पत्रों की वैधता एवं जारी करने की तिथि निम्नानुसार निर्धारित की गई है :

 

क्र.

प्रमाण-पत्र का प्रकार                     

जारी करने की निर्धारित अवधि                 

1

अधिवास (Domicile) प्रमाण-पत्र

आवेदन की अंतिम तिथि 03-07-2026 से पूर्व जारी

2

डीएससी / ओएससी प्रमाण-पत्र               

13-11-2024 से 03-07-2026 तक जारी           

3

बीसीए / बीसीबी / ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र  

01-04-2026 से 03-07-2026 तक जारी           

4

भूतपूर्व सैनिक / दिवंगत भूतपूर्व सैनिक के पारिवारिक सदस्य का पात्रता प्रमाण-पत्र

20-06-2025 से 03-07-2026 तक जारी           

5

दिव्यांगजन (PwBD) प्रमाण-पत्र            

आवेदन की अंतिम तिथि 03-07-2026 से पूर्व जारी

6

उत्कृष्ट खिलाड़ी (ESP) खेल ग्रेडेशन प्रमाण-पत्र                                     

15-11-2018 से 03-07-2026 तक जारी           

 

अभ्यर्थियों के लिए अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

 

श्री हिम्मत सिंह ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का मोबाइल नंबर एवं ई-मेल पहले से पंजीकृत है, वे अपने पूर्व पंजीकरण का उपयोग कर आवेदन कर सकते हैं। सीईटी ग्रुप-सी 2025 के लिए आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को ग्रुप-डी के लिए दोबारा आवेदन शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि ग्रुप-सी 2025 के लिए पूर्व में पंजीकरण कर चुके अभ्यर्थी उसी मोबाइल नंबर एवं पासवर्ड का उपयोग कर ग्रुप-डी के लिए आवेदन कर सकते हैं। पात्रता के अनुसार श्रेणी एवं अन्य विवरणों में संशोधन भी किया जा सकता है, जिसका ग्रुप-सी आवेदन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

 

यदि कोई अभ्यर्थी अपना पासवर्ड भूल गया है तो वह पासवर्ड पुनः प्राप्त करने की सुविधा का उपयोग कर सकता है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एक से अधिक पंजीकरण पाए जाने पर अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है तथा संबंधित अभ्यर्थी को भविष्य की आयोग परीक्षाओं से भी वंचित किया जा सकता है।

 

श्री हिम्मत सिंह ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने सीईटी ग्रुप-सी 2025 के लिए आवेदन करते समय निर्धारित आवेदन शुल्क जमा किया है, उन्हें सीईटी ग्रुप-डी के लिए अलग से कोई आवेदन शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे अभ्यर्थी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपने पूर्व पंजीकरण विवरण का उपयोग करते हुए ग्रुप-डी के लिए आवेदन कर सकते हैं।

 

हेल्पलाइन सुविधा

 

श्री हिम्मत सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता अथवा शिकायत के लिए अभ्यर्थी आयोग के हेल्पलाइन नंबर 9063493990 पर संपर्क कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

 

क्रमांक : 2026

 

सुमित चावला

 

*****

 


(Release ID: 3041)