CM Press Release
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव से हरियाणा और जापान के सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी नई मजबूती : मुख्यमंत्री
Posted On:
20 Jun 2026 8:13PM
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव से हरियाणा और जापान के सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी नई मजबूती : मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 20 जून – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जापान में आयोजित किए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से हरियाणा और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंध न केवल और अधिक मजबूत होंगे, बल्कि उन्हें नई ऊर्जा और नई दिशा भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार वर्ष 2016 से अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन कर रही है। अब तक विश्व के आठ से अधिक देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिसके माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता के सार्वभौमिक संदेश को दुनिया के विभिन्न देशों तक पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को कर्म, कर्तव्य और नैतिक मूल्यों का मार्ग दिखाने वाली प्रेरणादायी पुस्तक है। गीता का संदेश पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है और यही कारण है कि विश्वभर में इसके प्रति लोगों की आस्था और रुचि लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को वैश्विक पहचान मिली है। कुरुक्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार अनेक नई परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं एवं आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जापान में आयोजित यह अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा हरियाणा और जापान के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
क्रमांक- 2026
*****
(Release ID: 3043)