azadi ka amrit mahotsav

लाखनमाजरा खंड में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं अनुशासन के साथ मनाया गया :-

Posted On: 21 Jun 2026 4:09PM

लाखन माजरा (रोहतक), 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खंड लाखनमाजरा में गांव में स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भव्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सचिव एवं पूर्व मेयर रेणु डाबला ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। योग साधकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था एवं जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रेणु डाबला ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा योग को घर-घर पहुंचाने के लिए जिला स्तर व खंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इसके अतिरिक्त योग को विश्व के अन्य देशों में भी प्रचारित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। योग अपनाकर हम शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक रूप से भी तरोताजा एवं तनाव मुक्त जीवन जी सकते है। हर नागरिक योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाये। योग भारतीय प्राचीन परंपरा व जीवन शैली रही है। ऋषि-मुनियों ने आमजन को योग के मार्ग पर चलकर स्वस्थ जीवन जीने का मार्ग दिखाया है।
कार्यक्रम में महम शुगर मिल के प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर तथा कैप्टन ईश्वर शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र मलिक, प्राध्यापक सिद्धराज राठी, डॉ. कपिल गुप्ता, महावीर आर्य, नरेंद्र राठी, लक्ष्य जांगड़ा, सतवीर राठी, प्रमिला मदीना, रेखा खरक, धीरेंद्र नेहरा, संजय राठी, साहिल रोहिल्ला सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, विभिन्न विद्यालयों के पीटीआई एवं डीपीई, अध्यापकगण तथा खेल नर्सरियों के खिलाडिय़ों ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगासनों व प्राणायामों का सामूहिक अभ्यास किया।
कार्यक्रम में लगभग 560 प्रतिभागियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो क्षेत्र में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं रुचि को दर्शाती है। योग दिवस के इस सफल आयोजन ने न केवल लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया, बल्कि समाज में योग के महत्व को भी प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।


 

*****

 


(Release ID: 3056)