कैथल, 22 जून। हरियाणा सरकार की जनहितैषी पहल के तहत आयोजित समाधान शिविरों की श्रृंखला में सोमवार को एसडीएम संजय कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उनके साथ डीएसपी सुशील प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया गया।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निपटान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के दौरान भूमि विवाद, पेंशन, राशन वितरण, बिजली बिल तथा भूमि अधिग्रहण मुआवजा जैसे विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई।
राजौंद के गांव नीमवाला निवासी रामकला ने अंगुठे का मिलान न होने के कारण बुढ़ापा पेंशन एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर एसडीएम ने समाज कल्याण विभाग तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को मामले की जांच कर करने के निर्देश दिए।
गांव किठाना निवासी रघबीर सिंह ने दिल्ली कटरा हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण के बाद सांझी खेवट की तकसीम एवं निशानदेही का मामला लंबे समय से लंबित होने की शिकायत रखी। एसडीएम ने जिला राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि इस मामले का नियमानुसार शीघ्र समाधान किया जाए।
गांव भुना निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि न्यायालय के आदेश उनके पक्ष में होने के बावजूद उन्हें खेती करने से रोका जा रहा है तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने डीडीपीओ को इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खेड़ी राव आली निवासी राजेंद्र पाल सिंह ने बिजली बिल में अत्यधिक राशि आने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को मीटर की जांच कर बिल में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम संजय कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*****