गुहला-चीका। नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत चीका स्थित एथलेटिक्स एवं आर्चरी नर्सरी में खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों, खेलों के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम पूनिया ने बच्चों को संबोधित करते हुए खेलों, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान खिलाडि़यों को योग का प्रशिक्षण भी करवाया गया तथा योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की जानकारी दी गई। साथ ही प्रेम पूनिया ने सभी खिलाड़ियों को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
*****