किसानों तक मौसम संबंधी पूर्वानुमान समय पर पहुंचाए कृषि विभाग के अधिकारी : उपायुक्त महेंद्र पाल
कम पानी में पकने वाली फसलों और मोटे अनाज को बढ़ावा देने की दिशा में पर्याप्त कदम उठाने के दिए निर्देश
Posted On:
23 Jun 2026 4:00PM
उपायुक्त महेंद्र पाल ने मानसून की कमी और अल नीनो की चुनौतियों से निपटने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को वैकल्पिक फसल योजना तैयार करने, किसानों को समय पर अच्छी गुणवत्ता के बीज और उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित करने, मौसम विभाग और कृषि विज्ञान केंद्रों के साथ मिलकर किसानों तक मौसम के पूर्वानुमान संबंधित जानकारी समय पर पहुंचाने की हिदायत दी है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उन्होंने किसानों के हित में तुरंत वैकल्पिक योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने कहा कि कम पानी में पकने वाली फसलों और मोटे अनाज (मिलेट्स) को बढ़ावा देने की दिशा में पर्याप्त कदम उठाए जाएं। इसके अतिरिक्त खाद, बीज और पर्याप्त उर्वरक की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इस संदर्भ में वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए। कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक सीधे किसानों के संपर्क में रहें। मोबाइल मैसेज और रेडियो के जरिए किसानों को मौसम और सही फसल की समय पर सलाह दी जाए। पानी का सही प्रबंधन किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि किसानों का हित सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मानसून में देरी या कमी होने पर भी किसानों को नुकसान न हो।


*****
(Release ID: 3116)