Employment
03 जुलाई को पलवल में लगेगा विशाल मेगा जॉब फेयर, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम करेंगे शुभारंभ
-100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी भर्ती, युवाओं को मिलेगा रोजगार का सुनहरा अवसर : जिला रोजगार अधिकारी शक्तिपाल
Posted On:
27 Jun 2026 4:10PM
पलवल, 27 जून। युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय पलवल द्वारा आगामी 03 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम पलवल में प्रात: 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक विशाल मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा।जिला रोजगार अधिकारी शक्तिपाल ने बताया कि मेगा जॉब फेयर का शुभारंभ उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम बतौर मुख्य अतिथि करेंगे।
100 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्तीउन्होंने बताया कि मेगा जॉब फेयर में 100 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियां विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इनमें मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग एवं फाइनेंस, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, लॉजिस्टिक्स, इंजीनियरिंग, हॉस्पिटैलिटी तथा अन्य सेवा क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी। प्रमुख कंपनियों में जेबीएम इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, फीनिक्स कॉन्टैक्ट इंडिया, नॉर ब्रेम्से इंडिया, सैंडेन विकास इंडिया, महिंद्रा टेलीफोनिक्स इंटीग्रेटेड सिस्टम्स, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एक्शन कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट (एसीई), साटा विकास इंडिया, विका प्रोसेस सॉल्यूशंस, विक्टोरा ऑटो, प्रीमियर प्लाज्मोटेक, हरियाणा वायर्स सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी।
इन अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसरमेगा जॉब फेयर में मैट्रिक, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं उच्च शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। फ्रेशर एवं अनुभवी दोनों प्रकार के अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे।ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्यउन्होंने अभ्यर्थियों से आह्वान करते हुए कहा कि 21 वर्ष से 35 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवा 03 जुलाई को प्रात: 9:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर अपने रिज्यूम, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ तथा आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होवें।क्यूआर कोड स्कैन करके अपना करें पंजीकरणजिला रोजगार अधिकारी शक्तिपाल ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेगा जॉब फेयर में भाग लें तथा विभाग द्वारा जारी क्यूआर स्कैनर के माध्यम से अपना पंजीकरण पहले ही सुनिश्चित कर लें, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यह मेगा जॉब फेयर पलवल एवं आसपास के जिलों के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी पात्र युवा इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं।
*****
(Release ID: 3336)