ड्रेनेज की सफाई को लेकर बैठक
एसडीएम मौके पर निरीक्षण कर 30 तक रिपोर्ट करें: उपायुक्त
Posted On:
27 Jun 2026 5:41PM
करनाल, 27 जून। आगामी बारिश सीजन के मद्देनजर जिला में ड्रेनेज की सफाई को लेकर एक बैठक आज यहां जिला सचिवालय सभागार में उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें उपायुक्त ने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि सरकार की हिदायतों अनुसार वे अपने-अपने क्षेत्र में ड्रेनेज की सफाई को लेकर चल रहे कार्य का निरीक्षण कर 30 जून तक निर्धारित प्रपत्र में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि करनाल में वे खुद, एडीसी और निगम आयुक्त निरीक्षण करेंगे। उन्होंने एसडीएम देवेंद्र शर्मा को निसिंग, सीटीएम सुरेश को तरावड़ी, एसडीएम अशोक कुमार को नीलोखेड़ी, राजेश सोनी को घरौंडा और सुमित सिहाग को असंध में नालों की सफाई संबंधी चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने के लिए कहा। इस मौके पर हरियाणा विकास प्राधिकरण के अधीक्षक अभियंता धर्मवीर ने बताया कि मुगल कैनाल के 700 मीटर लंबे टुकड़े की सफाई का जिम्मा एचएसवीपी का है जिस पर काम जारी है। इसके अलावा चार-पांच सेक्टरों में स्टॉर्म वाटर संबंधी कार्य एचएसवीपी और बाकी सेक्टरों में नालों की सफाई का कार्य नगर निगम के पास है।उपायुक्त ने पालिका सचिवों को निर्देश दिए कि वे एसडीएम के दौरे के समय उनका सहयोग करें। निगम आयुक्त ने कहा कि निरीक्षण के दौरान इंजीनियरिंग शाखा से संबंधित जेई अथवा एसडीई भी मौजूद रहें।इस मौके पर नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने कहा कि नालों की सफाई का कार्य 30 जून तक पूरा कराना सुनिश्चित करें ताकि बारिश में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। लक्ष्य पूरा करने के लिए मशीनरी और श्रम शक्ति को बढ़ाया जा सकता है। बैठक में नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, असंध के एसडीएम सुमित सिहाग, घरौंडा के राजेश सोनी, करनाल के देवेंद्र शर्मा, इंद्री के डा. रमन गुप्ता, सीटीएम सुरेश, एचएसवीपी के एसई धर्मवीर, घरौंडा पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा, जिला की विभिन्न पालिकाओं के सचिव मौजूद रहे।
*****
(Release ID: 3346)