azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया डॉ. मंगलसेन की प्रतिमा का प्रतिस्थापन

बोले- राजनीतिक क्षेत्र में मर्यादाएं कायम कीं

Posted On: 28 Jun 2026 3:24PM
PrintRelease
केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने आज यहां डॉ. मंगलसेन सभागार परिसर में हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. मंगलसेन की भव्य प्रतिमा का विधिवत प्रतिस्थापन और अनावरण किया। प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर 'डॉक्टर मंगल सेन अमर रहे' के जयकारे लगाए गए।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि डॉ मंगल सेन जनसंघ के समय से लेकर बीजेपी के गठन तक उससे जुड़े रहे। वे सात बार रोहतक से विधायक और एक बार प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बने। डॉ मंगल सेन सरगोधा के रहने वाले थे। उनका जन्म 27 अक्टूबर 1927 को हुआ। कार्यकर्ताओं की संभाल करने की जो कला उनमें थी उसका कोई सानी नहीं। उन्होंने कहा कि मेरा भी उनके साथ रोहतक में 1981 से 84 के बीच बराबर संपर्क रहा। डॉ मंगल सेन राजनीतिक क्षेत्र में क्या-क्या मापदंड रखने चाहिएं और कहां-कहां चूक होती है, इस बारे में बेबाकी से चर्चा करते थे। इतना ही नहीं अच्छा संगठन चलाने के लिए क्या-क्या मर्यादाएं रखनी चाहिए, इसकी जानकारी उनसे मिलती थी। डॉ मंगल सेन जन-जन के प्रिय नेता थे। उन्होंने राजनीतिक क्षेत्र में मर्यादाएं कायम कीं। वे विपक्ष के साथ भी परस्पर सहयोग रखते थे। चौधरी देवीलाल, डा मंगल सेन और प्रकाश सिंह बादल उस समय के ऐसे नेता रहे हैं जिन्होंने राजनीतिक क्षेत्र में नए मापदंड स्थापित किए 
 उल्लेखनीय है कि ऑडिटोरियम परिसर में पहले यह प्रतिमा दूसरे स्थान पर लगी हुई थी। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री और अन्य अतिथियों ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर डॉ. मंगलसेन की लोक-कल्याणकारी नीतियों और उनके राजनीतिक सफर को याद किया।

इस मौके पर उपयुक्त ड आनंद कुमार शर्मा, एसपी नरेंद्र बिजरानिया, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया, करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, असंध के योगेंद्र राणा, नीलोखेड़ी के भगवान दास कबीरपंथी, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण लाठर, मेयर रेणु बाला गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता बृज गुप्ता आदि मौजूद रहे।

 

*****

 


(Release ID: 3368)