राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ
Posted On:
28 Jun 2026 3:25PM
करनाल, 28 जून। सिविल सर्जन डॉ. पूनम चौधरी ने बताया कि आज सेवा समिति में स्थापित बूथ से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ किया गया। इस मौके पर विधायक जगमोहन आनन्द व महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।
विधायक जगमोहन आनन्द द्वारा इस मौके पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की कि वे पांच साल तक के बच्चों को पोलियो खुराक अवश्य पिलवाएं। तीन दिवसीय इस अभियान के लिए जिला करनाल में 5 साल तक के 173308 बच्चों को दवाई पिलाने के लिए लगभग 750 बूथ और लगभग 1500 टीमें बनाई गई हैं जिनकी निगरानी 146 सुपरवाइजरों द्वारा की जाएगी। जिला में 73 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं जिसमें 16 ट्रांजिट टीम भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में जनवरी 2010 के बाद पोलियो का कोई केस सामने नहीं आया है। भारत को फरवरी 2014 में पोलियो मुक्त घोषित किया गया है। पड़ोसी देश पाकिस्तान व अफगानिस्तान में अब भी पोलियो के केस मिल रहे हैं जिससे यहां पोलियो केस का खतरा बना रहता है। इसी कारण पोलियो उन्मूलन अभियान बार- बार चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला के उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों यथा- भट्ठे, डेरे, फैक्ट्रियां, चावल मिल, मलिन बस्तियां, झुग्गी झोपड़ी में रह रहे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने पर जोर दिया जाएगा।
उप-सिविल सर्जन डा0 शशि गर्ग ने बताया कि सभी रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों पर पोलियो बूथ बनाए गए हैं ताकि बाहर से आने वाले बच्चों को भी पोलियो की बूंदे पिलाई जा सकें। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग से उप-सिविल सर्जन, अधिकारी व रोटरी मिड टाडन करनाल के पदाधिकारी व सदस्य भी मौजूद रहे।
*****
(Release ID: 3369)