डीएलएसए द्वारा वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन
Posted On:
28 Jun 2026 4:27PM
करनाल, 28 जून। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार शारदा तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी यादव के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आज प्रात: 6.00 बजे से 8.00 बजे तक विकास कॉलोनी, गली नं. 26 एवं 27 स्थित पार्क के अंदर एवं बाहर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता का संवर्धन, जल संरक्षण तथा समाज के सभी वर्गों को पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करना था।समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, वंचित वर्ग, महिलाओं, युवाओं तथा विशिष्ट किन्नर समुदाय को इस अभियान में विशेष रूप से सहभागी बनाया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 व्यक्तियों ने सहभागिता करते हुए 100 वृक्षों का रोपण किया। वृक्षारोपण के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए जाएं, जिससे भविष्य में पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं को फल एवं आश्रय प्राप्त हो सके तथा पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा मिले। प्रत्येक पौधे की देखभाल हेतु एक जलकुंड की भी स्थापना की गई, जिससे पौधों को समय-समय पर जल उपलब्ध कराया जा सके और उनका समुचित संरक्षण सुनिश्चित हो।इस कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि किन्नर समाज ने भी अत्यंत उत्साह एवं समर्पण के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर गुरु सुनीता, पूजा किन्नर एवं उनके साथियों ने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में बढ़-चढक़र भाग लिया तथा समाज को पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश दिया। वृक्षारोपण उपरांत उपस्थित सभी प्रतिभागियों के लिए लस्सी वितरण का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण की भावना को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक के गिलासों का प्रयोग नहीं किया गया, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था अपनाई गई।कार्यक्रम में सम्मिलित सभी नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा इस जनकल्याणकारी अभियान से आत्मिक प्रसन्नता एवं संतोष का अनुभव किया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।
*****
(Release ID: 3375)