azadi ka amrit mahotsav

उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने होडल में साफ-सफाई एवं ड्रेनेज व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण

-कमियों को दूर करने के दिए निर्देश, नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की

Posted On: 29 Jun 2026 7:53PM
PrintRelease पलवल, 29 जून। उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने सोमवार को होडल शहर में साफ-सफाई एवं ड्रेनेज व्यवस्था और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण कर विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दशहरा ग्राउंड रोड, दशहरा ग्राउंड से गढ़ी रोड, गढ़ी रोड से पांडव वन रोड तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा कर मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी
उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि विभिन्न एजेंसियों द्वारा शहर में सफाई व्यवस्था पूर्ण होने का दावा किया गया था। इसी के मद्देनजर वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए यह औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं तथा जिले के सभी संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण पूरा कर लिया है। निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर मंगलवार को मुख्यालय भेजी जाएगी।

कमियां मिलने पर होगी उचित कार्रवाई
उपायुक्त ने कहा कि निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि कुछ स्थानों पर कमियां भी सामने आई हैं। संबंधित अधिकारियों को इन कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

एजेंसियां रखें नियमित निगरानी
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं और नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सफाई एवं ड्रेनेज व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि बरसात के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

स्वच्छ शहर के लिए नागरिकों का सहयोग भी जरूरी : उपायुक्त
उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने शहरवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल सफाई एजेंसियों के प्रयासों से शहर को स्वच्छ नहीं रखा जा सकता, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कूड़ा-करकट खुले स्थानों पर न फैलाएं तथा नगर परिषद की कूड़ा संग्रहण गाड़ी आने पर उसी में कचरा डालें। सभी के सामूहिक प्रयास एवं सहयोग से ही शहर में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखा जा सकता है।
इस अवसर पर उनके साथ होडल की एसडीएम बलीना, तहसीलदार अनिल, नगर परिषद होडल के कार्यकारी अधिकारी मनेंद्र सिंह, नगर परिषद होडल के कार्यकारी अभियंता सतपाल, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता हेमंत कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 3404)