Land Records
azadi ka amrit mahotsav

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की एग्रीस्टैक और ऑटो म्यूटेशन कार्य की समीक्षा

प्रत्येक पात्र किसान की फार्मर आईडी बनाने के लिए गांव स्तर पर जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश

Posted On: 22 Aug 2026 1:35PM
झज्जर, 21 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एग्रीस्टैक  फार्मर आईडी बनाने, भूमि के भू-खंडों को फार्मर आईडी से जोड़ने तथा किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत डीसी वर्षा खांगवाल ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जिला में एग्रीस्टैक फार्मर आईडी बनाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

हर पात्र किसान की फार्मर आईडी बनाने के लिए मिशन मोड में करें कार्य
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि एग्रीस्टैक के तहत फार्मर आईडी किसानों की पहचान और उनकी कृषि संबंधी जानकारी को एकीकृत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक पात्र किसान की फार्मर आईडी बनाना सुनिश्चित किया जाए तथा सभी भूमि पार्सल को संबंधित किसान की फार्मर आईडी से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
डीसी ने कहा कि एग्रीस्टैक फार्मर आईडी और ऑटो म्यूटेशन जैसी व्यवस्थाओं का उद्देश्य किसानों और आमजन को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए इन व्यवस्थाओं का लाभ धरातल पर पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। कृषि  विभाग के फील्ड कर्मचारियों के सहयोग से किसानों को एग्रीस्टैक आईडी बनवाने और उनकी भूमि का विवरण जोड़ने में सुविधा प्रदान की जाए।
ऑटो म्यूटेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश
डीसी वर्षा खांगवाल ने राजस्व विभाग की ऑटो म्यूटेशन व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रजिस्ट्री के बाद इंतकाल की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने के लिए ऑटो म्यूटेशन व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी लंबित इंतकालों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कृषि एवं राजस्व विभाग के फील्ड कर्मचारियों को आपसी समन्वय से कार्य करना चाहिए। किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक गांव में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि किसान आसानी से अपना पंजीकरण करवाकर फार्मर आईडी प्राप्त कर सकें।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच,एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार,डीआरओ मनवीर सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग से एसडीओ डॉ सुनील कौशिक,डॉ जगजीत सांगवान, टीए डॉ रोहित वत्स सहित राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
-----------------
फ़ोटो। झज्जर लघु सचिवालय में शुक्रवार को अधिकारियों के साथ एग्रीस्टैक फार्मर आईडी और ऑटो म्यूटेशन कार्य की समीक्षा करती डीसी वर्षा खांगवाल।
---------------

 

*****

 


(Release ID: 4368)