Agriculture and farmer welfare
एग्री स्टैक, ऑटो म्यूटेशन व डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें: उपायुक्त
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Posted On:
22 Aug 2026 4:49PM
करनाल, 21 अगस्त। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एग्री स्टैक पर किसानों के रजिस्ट्रेशन, ऑटो म्यूटेशन तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना सुनिश्चित करें। इन कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा किया जाए। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा आज लघु सचिवालय के सभागार में एग्री स्टैक, ऑटो म्यूटेशन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे से संबंधित कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में इन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा कार्य को 24 अगस्त तक पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि एग्री स्टैक के माध्यम से किसानों से संबंधित डाटा को व्यवस्थित एवं अपडेट करने का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। एग्री स्टैक में किसानों का डाटा उपलब्ध होने से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों से जुड़े डाटा की शुद्धता एवं अपडेटेड स्थिति सुनिश्चित की जाए तथा किसानों के रजिस्ट्रेशन के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित इंतकाल प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के लिए ऑटो म्यूटेशन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें और प्रतिदिन की प्रगति पर नजर रखते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल संबंधी डाटा को सही एवं समयबद्ध तरीके से दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे से किसानों की फसलों से संबंधित सटीक डाटा उपलब्ध होगा, जिससे कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन में भी सुविधा होगी। बैठक में डीआरओ कनव लाकड़ा, डीडीए डॉ.जसविंदर सिंह सहित सभी संबंधित तहसीलदार उपस्थित रहे।अपीलउपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जिला के किसानों से अपील की कि इस कार्य में सहयोग करें। आने वाले समय में सभी सरकारी योजनाओं का लाभ एग्री स्टैक किसान आईडी के तहत मिलेगा। भविष्य में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं व सेवाओं को किसान आई डी से जोड़ा जाएगा।
*****
(Release ID: 4373)