Agriculture and farmer welfare
सुपर सीडर, बेलिंग मशीन पर अनुदान के लिए निकाला ऑनलाइन ड्रा
Posted On:
22 Aug 2026 4:51PM
करनाल, 22 अगस्त। उप कृषि निदेशक डॉ जसविंदर सिंह ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा किसानों को राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के फसल अवशेष प्रबंधन घटक के तहत कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे।उन्होंने बताया कि जिला में किसानों द्वारा 1964 मशीनों पर अनुदान के लिए आवेदन किया गया था। सामान्य वर्ग श्रेणी में 227 सुपर सीडर तथा 72 बेलिंग मशीन का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। लक्ष्य के अनुसार किसानों का चयन जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा आज दोपहर 12.30 बजे लघु सचिवालय के सभागार में ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से किया गया। जिन किसानों द्वारा उपरोक्त दो मशीनों को छोडक़र योजना में शामिल अन्य मशीनों के लिए आवेदन किया था उन्हें विभाग द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। इसके अलावा अनुसूचित जाति के किसानों के आवेदनों को भी विभाग द्वारा मंजूर कर लिया गया है।सहायक कृषि अभियंता कुलबीर सिंह ने बताया कि योजना के दिशा-निर्देशानुसार, स्वीकृत आवेदनों एवं ड्रा में चयनित किसानों के दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र किसानों को 25 अगस्त तक ऑनलाइन परमिट जारी कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसान विभागीय पोर्टल से परमिट डाउनलोड करके 10 सितंबर तक मशीन खरीद सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय व सहायक कृषि अभियंता कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
*****
(Release ID: 4376)