घरौंडा में जन सुनवाई कार्यक्रम
सेवा सुरक्षा दिलाने की गुहार
Posted On:
22 Aug 2026 4:52PM
करनाल, 22 अगस्त। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज घरौंडा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत करीब चार घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए। नगर निगम करनाल, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज के कच्चे कर्मचारियों ने अलग-अलग ज्ञापन देकर सेवा सुरक्षा की मांग की। कार्यक्रम में कल्पना चावला के अनुबंधित कर्मचारियों की ओर से श्री कल्याण को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि उन्हें कार्य करते हुए 5 साल से अधिक हो चुके हैं। निदेशक द्वारा उनके फार्म सत्यापन किए जाने के बावजूद पोर्टल पर रद्द कर दिए गए हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से करीब 7000 कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम में कार्यरत कर्मचारियों ने भी अलग से ज्ञापन देकर एचकेआरएनएल के तहत सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई। नगर निगम करनाल के कर्मचारियों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगमों, परिषदों और पालिकाओं के कच्चे कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी की परिधि से बाहर कर दिया गया है जबकि उन्हें वेतन एचकेआरएनएल के माध्यम से दिया जा रहा है। जनसुनवाई के दौरान कोहंड में गोस्वामी सामुदायिक केंद्र के आकार को बड़ा करने, नगला फार्म राजकीय प्राथमिक पाठशाला की चारदीवारी व मेन गेट का निर्माण कराने, गांव में सामुदायिक केंद्र व गलियों को पक्का कराने की मांग की गई। कलवेहड़ी के ग्रामीणों ने पार्क बनवाने और घरौंडा के लोगों ने सैनी चौपाल का कार्य पूरा कराने, डेरा रामरंग के अस्थायी रास्ते को पक्का कराने की गुहार लगाई। इसके अलावा क्षेत्र के कुछ गांवों के लोगों ने घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों को शिफ्ट करने की मांग की। कहा कि इन तारों के कारण हर समय हादसे का अंदेशा रहता है। बाद में पत्रकारों से बातचीत में श्री कल्याण ने कहा कि उन्होंने हर हफ्ते जनसुनवाई कार्यक्रम निश्चित किया हुआ है। इसके माध्यम से लोगों से मुलाकात भी हो जाती है और जो भी समस्याएं सामने आती हैं, उनमें से अधिकांश के समाधान का प्रयास किया जाता है। कुछ नए विषय भी सामने आते हैं। व्यक्तिगत समस्याओं के अलावा विकास संबंधी नए काम भी लोगों द्वारा रखे जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास रहता है कि लोगों की समस्याओं का सही तरीके से निवारण हो। घरौंडा विधानसभा क्षेत्र को तो उन्होंने परिवार माना है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि उपमंडल स्तर लघु सचिवालय के अलावा अधिकारियों के लिए आवास की व्यवस्था हो। जमीन उपलब्ध न होने के कारण अभी तक आवासीय कॉम्प्लेक्स की व्यवस्था नहीं हो सकी है। जमीन के लिए प्रयास जारी हैं। बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखे जैसी तेजी आवाज निकालना और कस्बे में बिना नंबर की बाइक चलने संबंधी सवाल पर श्री कल्याण ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां नहीं होनी चाहिएं। उनकी समाज और युवाओं से भी अपील है कि नियमों का पालन करें। संबंधित अधिकारी भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लोगों का सहयोग भी अपेक्षित है। अच्छे वातावरण से ही समाज व क्षेत्र आगे बढ़ता है॥ कार्यक्रम में घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी, डीएसपी मनोज कुमार, विद्युत निगम के एक्सईएन राजीव ढिल्लों, मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, भाजपा जिला महामंत्री सुभाष कश्यप एसडीओ पंचायती राज जयभगवान, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, तहसीलदार अरविंद आदि मौजूद रहे।
*****
(Release ID: 4377)