Rural Development
गुणवत्ता बने हरियाणा व भारत की पहचान: डॉ. चौहान
प्रशिक्षु अभियंताओं का किया आवाहन
Posted On:
22 Aug 2026 4:53PM
नीलोखेड़ी/करनाल, 22 अगस्त। ग्रामीण विकास कार्यों की सफलता केवल निर्माण पूरा करने में नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता और टिकाऊपन में निहित है। विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रत्येक तकनीकी अधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यह बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कही। वे संस्थान में गुणवत्ता आश्वासन प्राधिकरण, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे।डॉ. चौहान ने कहा कि जैसे जापान अपनी प्रौद्योगिकी और उसकी गुणवत्ता के लिए जाना जाता है विकसित भारत और विकसित हरियाणा की पहचान भी कार्यों की गुणवत्ता ही होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्य सीधे आमजन के जीवन से जुड़े होते हैं। इसलिए इन कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी अधिकारियों की सजगता और दक्षता से न केवल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बेहतर होती है, बल्कि सरकारी संसाधनों का भी प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होता है। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल अभियंताओं का आह्वान किया कि वे इसे केवल औपचारिक प्रशिक्षण न मानकर अपने तकनीकी ज्ञान को और समृद्ध करने के अवसर के रूप में लें। उन्होंने कहा कि नए तकनीकी मानकों, गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रियाओं और आधुनिक कार्यप्रणाली की जानकारी को जमीनी स्तर पर लागू करना ही प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता है।संस्थान के सहायक आचार्य एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुशील मेहता ने मुख्य अतिथि डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायती राज विभाग के कनिष्ठ अभियंताओं को विकास कार्यों में गुणवत्ता आश्वासन, तकनीकी निरीक्षण, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के प्रभावी अनुपालन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करवाना है।कार्यक्रम में श्री ए.सी. शर्मा, प्रिंसिपल, हिपा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीकी अधिकारियों के निरंतर क्षमता-वर्धन से विकास कार्यों की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में और अधिक सुधार लाया जा सकता है। विपिन शर्मा, तकनीकी गुणवत्ता आश्वासन प्रमुख,शंकर जिंदल, कंसल्टेंट एवं गुणवत्ता आश्वासन, आर.के. अरोड़ा, कंसल्टेंट गुणवत्ता आश्वासन तथा पूजा वोहरा, ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर गुणवत्ता आश्वासन ने प्रशिक्षण के विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर प्रतिभागियों को जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्ता मानकों, निरीक्षण प्रक्रिया, तकनीकी परीक्षण तथा विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को विस्तार से समझाया।इस अवसर पर संस्थान के सहायक आचार्य संदीप भारद्वाज के साथ कनिष्ठ अभियंता तन्नू यादव, कनिष्ठ अभियंता दीपक, कनिष्ठ अभियंता सुमित तथा कनिष्ठ अभियंता रितु सहित पंचायती राज विभाग के अन्य कनिष्ठ अभियंता, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों द्वारा साझा की गई तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी में सक्रिय रूप से सहभागिता की।
*****
(Release ID: 4378)