Agriculture and farmer welfare
azadi ka amrit mahotsav

एग्री-स्टैक के माध्यम से विशिष्ट पहचान संख्या बनवाना जरूरी: डॉ आनंद कुमार शर्मा

Posted On: 22 Aug 2026 4:55PM
                                                                                
 करनाल, 22 अगस्त।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि एग्री-स्टैक, कृषि तथा किसान कल्याण विभाग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकसित एक प्रमुख कृषि डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना है। जो देश के सभी किसानों का भूमि रिकॉर्ड, विशिष्ट पहचान संख्या फसल विवरण और सरकारी योजनाओं का एक एकीकृत डेटाबेस स्थापित करके खेती प्रौद्योगिकी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य किसानों के लिए एक विशिष्ट पहचान संख्या बनाना है जो आधार से जुड़ी होगी। किसानों को उनकी भूमि रिकॉर्ड तक आसान पहुंच प्रदान करना जिससे ऋण और बीमा पाना आसान होगा। किसानों को सभी सरकारी योजनाओ जैसे पी.एम. किसान, कृषि इनपुट (खाद, बीज इत्यादि) का लाभ इसी के माध्यम से प्रदान होगा। सभी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों द्वारा एग्री-स्टैक के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान संख्या बनवाना आवश्यक है। परियोजना का लाभ लेने के लिए कृषि विभाग अधिकारी व पटवारी से भी सम्पर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसान गांव में कॉमन सर्विस सेंटर/अटल सेवा केंद्र पर जाकर भी किसान आईडी बनवा सकते हैं।

 

*****

 


(Release ID: 4381)