Elections
azadi ka amrit mahotsav

प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर 30 अगस्त तक दर्ज करवाएं दावे-आपत्तियां : जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर

-18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी कर सकते हैं आवेदन

-28 सितंबर तक दावों-आपत्तियों का होगा निस्तारण

-3 अक्टूबर को अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची की जाएगी प्रकाशित

Posted On: 23 Aug 2026 5:06PM
पलवल, 23 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला पलवल के मतदाताओं से अपील की है कि वे 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन मतदाताओं का नाम पूर्व में मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं है तथा उन्हें बीएलओ की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ है, वे आगामी 30 अगस्त 2026 तक संबंधित बीएलओ के पास अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं।

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी कर सकते हैं आवेदन

जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 जुलाई 2026 की आधार तिथि के अनुसार 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे भी 30 अगस्त 2026 तक अपने संबंधित बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

नाम, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि हो तो भरें फॉर्म-8

जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि यदि किसी मतदाता के नाम, पते अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो संबंधित मतदाता फॉर्म-8 तथा आवश्यक घोषणा पत्र भरकर उसमें सुधार करवा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने विवरण की समय रहते जांच करें और आवश्यक होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।

पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहें : जिला निर्वाचन अधिकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।

सुनवाई का नोटिस मिलने पर निर्धारित तिथि पर अवश्य पहुंचें

जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि यदि किसी आवेदक को सुनवाई का नोटिस प्राप्त होता है तो वह निर्धारित तिथि पर संबंधित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष अवश्य रखें। इससे आवेदन का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

28 सितंबर तक दावों-आपत्तियों का होगा निस्तारण

जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि नागरिक अपनी मतदाता संबंधी जानकारी भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल तथा हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी जांच सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संबंधित बीएलओ, ईआरओ अथवा एईआरओ से संपर्क किया जा सकता है। प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
000

 

*****

 


(Release ID: 4404)