azadi ka amrit mahotsav

नशे से दूरी, खेल जरूरी नायब सरकार का यही उद्देश्य :- गजेंद्र फौगाट

Posted On: 23 Aug 2026 5:08PM

रोहतक, 23 अगस्त। मुख्यमंत्री के ओएसडी (प्रचार) एवं विख्यात कलाकार गजेंद्र फौगाट ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ना नायब सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नशे से दूरी, खेल जरूरी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
गजेंद्र फौगाट रविवार को रोहतक के सनसिटी क्लब में आयोजित स्टेट आट्या-पाट्या चैम्पियनशिप के शुभारंभ अवसर पर खिलाडिय़ों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आट्या-पाट्या जैसे पारंपरिक एवं रोमांचक खेलों को बढ़ावा देना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। चैम्पियनशिप के पहले मुकाबले में रोहतक की टीम ने रेवाड़ी को हराकर शानदार शुरुआत की। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन सनसिटी क्लब, रोहतक में किया जा रहा है और यह दो दिन तक चलेगी। चैम्पियनशिप में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
इस अवसर पर आट्या-पाट्या एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र लोहान ने सभी खिलाडिय़ों एवं ऑफिशियल का स्वागत किया। उपाध्यक्ष सुभाष रुहिल, महासचिव डॉ. दीपेंद्र आर्य तथा कोषाध्यक्ष सुरजीत नैन ने भी प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग दिया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय रेफरी मनीषा ने प्रतियोगिता को सुचारू एवं निष्पक्ष रूप से संचालित करने के लिए खिलाडिय़ों एवं ऑफिशियल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


 

*****

 


(Release ID: 4409)