Development & Panchayats
azadi ka amrit mahotsav

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सदियों से कर रही हैं मानवता का मार्गदर्शन- मंत्री कृष्ण लाल पंवार

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कुरुक्षेत्र के मथाना गांव स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में स्थापित किया कलश

Posted On: 23 Aug 2026 5:13PM

चंडीगढ़, 23 अगस्त- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सदियों से मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। संत श्री गुरु रविदास जी ने ऐसे राज की कल्पना की थी, जहां दुख, अन्याय और भेदभाव का कोई स्थान न हो। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश की सरकार इसी समरसता और अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है।

कैबिनेट मंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र के गांव मथाना में आयोजित कलश वंदन यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना व समाज का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संत श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में समरसता की भावना के प्रसार के लिए कुरुक्षेत्र के उमरी में लगभग 5 एकड़ भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण करवाया जाएगा, जिसका टेंडर हो चुका है और जल्दी ही काम भी शुरू हो जाएगा। इस धाम में 125 फीट ऊंचे स्टैच्यू का निर्माण भी होगा।

 उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने संत श्री गुरु रविदास जी की 650 वीं जयंती के उपलक्ष्य में पूरे देश में ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया है जिसके अंतर्गत पवित्र कलश यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा काशी स्थित गुरु रविदास जी की जन्म स्थली की मिट्टी लेकर 29 जुलाई को शुरू हुई है, जो कि हरियाणा में भी सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और मानव सम्मान का संदेश देते हुए गांव-गांव व घर-घर तक गुरु रविदास जी की जन्म स्थली की मिट्टी पहुंचाएगी।

 उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गुरु रविदास जी की वाणी के अनुरूप समाज में सभी वर्गों के विकास व उत्थान के लिए समान रूप से काम कर रही है। सरकार ने प्रतिभाशाली युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर देने के लिए ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ वाली पारदर्शी नीति बनाई है, जिसके तहत योग्यता के आधार पर पिछले 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों के संरक्षण हेतु ‘हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग’ का गठन किया गया है।

मंत्री ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे संत-महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करें। एकजुट और जागरूक समाज ही मजबूत हरियाणा के निर्माण का आधार है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, रमेश सैनी, चेयरमैन सतीश मथाना व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

क्रमांक-2026


 

*****

 


(Release ID: 4413)